प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के पुराने कांग्रेसी नेता कालिका सिंह के बेटे महादेव सिंह से बुधवार की दोपहर रंगदारी मांगना युवकों को काफी महंगा पड़ा। घटना जुगसलाई स्टेशन रोड गुरूद्वारा के पास की है। जहां रांची-टाटा ट्रांसपोर्ट में कांग्रेसी नेता महादेव सिंह से युवक रंगदारी मांगने पहुंचे। इस दौरान उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी गई।
थाने में दिए लिखित शिकायत में ट्रांसपोर्ट के मालिक संदीप सिहं ने बताया कि वे पेशे से ट्रांसपोर्टर है। वहीं दोपहर लगभग 1.30 बजे मेरे चाचा महादेव सिंह जब ट्रांसपोर्ट में बैठे हुए थे, तभी दो युवकों ने आकर उनसे रंगदारी की मांग की। उस समय हम लोग घर से ऑफिस की तरफ जा ही रहे थे। इतने में पता चला कि कुछ लोग ऑफिस में चाचा से गाली गलौज और धक्का मुक्की कर रहे हैं। इसी बीच परिवार समेत आसपास के लोग भी जुट गए,जिसके बाद हम लोगों ने मिलकर दो युवकों को जैसे ही पकड़ा कि कुछ दूरी पर रेकी कर रहे दो युवक भाग निकले। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रोशन सिंह और रॉकी मिश्रा बताया है और जो पहले भी क्षेत्र में रंगदारी और मारपीट के लिए चर्चित हैं।
घटना के बाद कांग्रेसी नेता अभिजीत सिंह ने इसकी जानकारी संबंधित थाने को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवक को हिरासत में लेकर थाने चली आई। जहां दोनों से पूछताछ चल रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





