गाजीपुर।घोसी से बहुजन समाज पार्टी के सांसद अतुल राय बलिया की युवती से दुष्कर्म के आरोपों में बरी हो चुके हैं,लेकिन इसके बाद भी अतुल राय की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं।वाराणसी के लंका थाने में दर्ज गैंगस्टर के मामले में रविवार को गाजीपुर में करीब 58 लाख की जमीन जब्त की गई।





मुहम्मदाबाद तहसीलदार विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घोसी सांसद अतुल राय की कुल 7 भूखंड को सीज किया गया है। यह कार्रवाई वाराणसी कमिश्नर ए सतीश गणेश के आदेश पर की गई है।अतुल राय पर वाराणसी के भेलूपुर थाने में गैंगस्टर ऐक्ट का मुकदमा दर्ज है। रविवार को सांसद अतुल राय के खिलाफ हुई कार्रवाई में उनकी कुल सात प्रॉपर्टी को जब्त किया गया है। जिनका कुल रकबा 1.48 हेक्टेयर है। जब्त की गई प्रॉपर्टी की कीमत 58 लाख 13 हजार 800 रुपए के करीब बताई जा रही है।





अतुल राय के पैतृक गांव वीरपुर में वाराणसी और गाजीपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से कुर्की की कार्रवाई की।डुगडुबी बजाकर नोटिस चस्पा की।इस भूमि के लिए तहसीलदार मुहम्मदाबाद को प्रशासक नियुक्त किया गया है। दुष्कर्म के आरोपों और युवती के सुप्रीम कोर्ट के सामने आत्मदाह के बाद ही अतुल राय पर गैंगस्टर लगा था।





अतुल राय दुष्कर्म के आरोप मामले में हो चुके हैं बरी





आपको बता दें कि मऊ के घोसी से बहुजन समाज पार्टी के सांसद अतुल राय को वाराणसी एमपी-एमएलए कोर्ट ने दुष्कर्म के मामले में अगस्त 2022 को बरी कर दिया था। इस मामले की पीड़िता ने पिछले साल अगस्त में सुप्रीम कोर्ट के सामने अपने दोस्त के साथ आत्महत्या कर ली थी।





जानें क्या है मामला जिसमें बसपा सांसद अतुल राय को एमपी-एमएलए कोर्ट ने किया बरी





दरअसल यह पूरा मामला 2018 का है,जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अतुल राय ने करीब एक साल उसका यौन उत्पीड़न किया था। पीड़िता ने दावा किया था कि जब वह वाराणसी में सांसद और उसके परिवार से मिलने उसके अपार्टमेंट में गई थी।पीड़िता ने यह भी शिकायत में बताया था कि अतुल राय ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की घटना को रिकॉर्ड किया था और धमकी दी थी कि पुलिस के पास शिकायत की तो वीडियो को वायरल कर दिया जाएगा। छात्रा बलिया की रहने वाली थी,जो एक विश्वविद्यालय की छात्रा थी। फिलहास घोसी सांसद अतुल राय हत्या के लिए उकसाने के मामले में अभी नैनी जेल में बंद हैं।





बसपा सांसद अतुल राय के खिलाफ दर्ज हैं 21 आपराधिक मामले





पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बहुजन समाज पार्टी के सांसद अतुल राय के खिलाफ 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं,जो सुजीत बेलवा गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में पंजीकृत हैं और मंडुआडीह थाने में अतुल राय का आपराधिक इतिहास पत्र संख्या 27 ए है।अतुल राय के खिलाफ 2009 में दो बार और फिर 2011 में दो बार गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने अक्टूबर 2021 में एक बार फिर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।