वाराणसी।काशी की ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी मामले में अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी के वरिष्ठ अधिवक्ता अभय नाथ यादव का हार्टअटैक से निधन हो गया।रविवार की देर रात अभय नाथ को बेचैनी और सीने में दर्द हुआ।परिवार के लोग मकबूल आलम स्थित एक निजी अस्पताल लेकर कर गए जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अभय नाथ यादव वाराणसी में अलग-अलग न्यायालय में चल रहे मुस्लिम पक्ष के सभी मुकदमों में मुख्य अधिवक्ता के तौर पर पूरे केस को देख रहे थे।वर्तमान में चल रहे ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी मामले का आधा दर्जन केस की अभय नाथ ही पैरवी कर रहे थे। श्रृंगार गौरी मामले में उनकी दलीलें चर्चा में रहीं। ज्ञानवापी प्रकरण में श्रृंगार गौरी मेरिट केस मामले में 4 अगस्त को कोर्ट में जवाब देना था।
मुस्लिम पक्ष की तरफ से अकेले अदालत में दलीलें देते थे। अभय नाथ व्यक्तिगत जीवन में काफी मिलनसार इंसान थे। केवल ज्ञानवापी ही नहीं विभिन्न मुकदमों में दलीलों के कारण अधिवक्ता समाज में उनका काफी सम्मान था।वरिष्ठ अधिवक्ता अभय नाथ यादव के निधन की जानकारी मिलने पर देर रात उनके आवास पर अधिवक्ता और लोग पहुंचने लगे।
अभय नाथ यादव के निधन पर अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी के सचिव एमएस यासीन सईद ने दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि अभय नाथ के असमय निधन से न केवल इस केस को झटका लगा है बल्कि एक वरिष्ठ अधिवक्ता का साथ छूट गया।





