नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनावी प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आगामी शनिवार (10 अक्टूबर) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले आंदोलन के लिए अपनी कमर कस ली है। इस बीच, CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, यह आंदोलन तब तक लगातार जारी रहेगा।
बीजेपी शासित राज्यों में कार्यकर्ताओं को किया जा रहा हाउस अरेस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर करते हुए सौरव दास ने आरोप लगाया कि देशभर में CJP के प्रदर्शनकारियों और युवाओं को बीजेपी शासित राज्यों में पुलिस द्वारा हिरासत में लिया जा रहा है या घरों में नजरबंद (हाउस अरेस्ट) किया जा रहा है। उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार पर सीधा कटाक्ष करते हुए कहा, "ज्ञानू, कॉकरोच तुम्हारे लिए आ रहे हैं।"
इसे भी पढ़ेंः INDI गठबंधन का बड़ा हल्लाबोल: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर जंतर-मंतर पर विपक्ष का जोरदार धरना
'दिल्ली को किले में क्यों तब्दील किया जा रहा है?' सौरव दास ने सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन की हवा टाइट हो गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन को दबाने के लिए जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और यहां तक कि नक्सल प्रभावित इलाकों से भी सीआरपीएफ (CRPF) और सीआईएसएफ (CISF) के सुरक्षा बलों को एयरलिफ्ट कर दिल्ली बुलाया गया है, जिससे राजधानी को एक किले में तब्दील कर दिया गया है।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "हम सिर्फ जंतर-मंतर मांग रहे हैं जो कि धरना और प्रदर्शन के लिए तय जगह है। वे वह भी नहीं देना चाहते और पुलिस भेजकर लाठियां चलवाना चाहते हैं, लेकिन सरकार के ये पैंतरे काम नहीं आएंगे।"
इसे भी पढ़ेंः फॉर्म-6 पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से बढ़ीं CEC ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें, 19 विपक्षी दलों का सड़क पर संग्राम
'देश का युवा अपने वोट के अधिकार के लिए लड़ रहा है' CJP नेता ने युवाओं से बड़ी संख्या में इस लड़ाई में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब जवाबदेही मांग रहा है। युवाओं को समझ आ गया है कि अगर उनका वोट करने का अधिकार छीना गया, तो भविष्य और शिक्षा व्यवस्था और बदतर हो जाएगी। सौरव दास ने स्पष्ट किया कि यह एक लंबी और बड़ी लड़ाई है, जिसे सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा।
#सौरव_दास #कॉकरोच_जनता_CJP #दिल्ली_पुलिस #जंतर_मंतर #ज्ञानेश_कुमार #चुनाव_आयोग #दिल्ली_न्यूज #युवा_आंदोलन
#SouravDas #CJP #DelhiPolice #JantarMantar #GyaneshKumar #ElectionCommission #DelhiNews #YouthProtest





