रांची।राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में बीते तीन दिनों से झमाझम बारिश हो रही है।रांची में पिछले तीन दिनों की बारिश दो महीने पर भारी पड़ी है।मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रांची में बीते तीन दिनों में 145.3 मिमी बारिश हुई।अकेले बीते 36 घंटों में 141.6 मिमी बारिश हुई। जबकि जून में सिर्फ 95.7 और जुलाई में 163.0 मिमी बारिश हुई थी।पिछले दो महीने में लगभग 258 मिमी बारिश हुई जबकि इससे आधी से अधिक बारिश बीते तीन दिनों में दर्ज की गई। झमाझम बारिश से रांची के औसत में सुधार हुआ है और बारिश में कमी की भरपाई हुई है।अब रांची में 41 की जगह 33 फीसदी बारिश की कमी है।
झारखंड में बीते 48 घंटे में 40.5 मिमी बारिश
झारखंड में बीते 48 घंटों के दौरान औसत 40.5 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में 28.4 मिमी बारिश हुई है।झारखंड में एक से 11 अगस्त तक औसतन 89.6 मिमी बारिश हुई। झारखंड में इस मानसून सीजन में अब तक 348.3 मिमी बारिश हुई है।
छह डिग्री लुढ़का पारा
राजधानी रांची में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे लुढ़क गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया।तापमान लुढ़कने से रांची में ठंड का अहसास हो रहा है।
डैम से लेकर खेतों तक पानी ही पानी
आपको बता दें कि बीते 24 घंटे में हुई झमाझम बारिश से रांची की स्वर्णरेखा समेत झारखंड की कई नदियां उफना गई हैं।कई जगहों पर तो इन नदियों का पानी पुल के ऊपर से पार करने लगा। वहीं गेतलसूद. पतरातू और धुर्वा डैम समेत राज्य के जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ गया है।बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने से किसान भी खुश हैं। किसान जोश के साथ धान रोपनी की तैयारी में जुट गए हैं। कई जगह तो बारिश के बाद धान की रोपनी भी शुरू हो गई है।
राजधानी में सड़क से लेकर घर तक पानी
राजधानी रांची में बुधवार रात से गुरुवार दोपहर बाद तक लगातार हुई बारिश की वजह से राजधानी की सड़कें तालाब बन गईं और कई घरों में पानी घुस गया।सबसे अधिक परेशानी कोकर के भाभानगर, अयोध्यापुरी,खोरहाटोली के अलावा कर्बला रोड, हिन्दपीढ़ी, पंडरा के पंचशील नगर और हरमू के विद्यानगर में हुई। इन इलाकों में सड़कों पर घुटने भर पानी जमा होने से लोगों का बाहर निकलना दूभर हो गया। शहर के अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया है।





