दुमका।झारखंड मुक्ति मोर्चा आज अपना 43वां स्थापना दिवस मना रहा है। दुमका के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले 43 वें झामुमो स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी है।समारोह स्थल और पूरा शहर झामुमो के होर्डिंग्स और झंडों से पटा पड़ा है। समारोह को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,झामुमो के मुखिया राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन,झामुमो विधायक बसंत सोरेन और नलिन सोरेन सहित कई नेता संबोधित करेंगे। झामुमो स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन मंगलवार की शाम दुमका पहुंच चुके हैं। दुमका से झामुमो विधायक बसंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन का स्वागत किया। दोनों नेता यहां से खिजुरिया स्थित अपने आवास पर पहुंचे।

इधर खिजुरिया आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए झामुमो विधायक बसंत सोरेन,नलिन सोरेन और पार्टी के केन्द्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह ने झामुमो स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की जानकारी दी।कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए समारोह का आयोजन होगा। समारोह गांधी मैदान में दिन के 12 बजे शुरु हो जाएगा।


मंगलवार को खिजुरिया स्थित आवास पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना।बड़ी संख्या में लोग आवेदन के साथ मुख्यमंत्री से मिलने आये थे। समस्याओं ने निष्पादन के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आपकी सरकार है। आपकी समस्याओं को दूर करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं यहां के लोगों को ध्यान में रख कर बनायी जा रही है। इस दौरान विधायक बसंत सोरेन और स्टीफन मरांडी भी मौजूद थे।

सीएम गांधी मैदान में तैयारियों का जायजा लिया

रात लगभग 9.45 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका गांधी मैदान पहुंच कर झामुमो स्थापना दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे भारत देश में झामुमो ही एक ऐसी पार्टी है जिसकी रैली दिन में शुरु होती है और कड़ाके की ठंड में रात भर चलती रही थी। उन्होंने कहा स्थापना दिवस समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह की झलक दिख रही है पर वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रख कर हम उत्साह को नहीं दिखा सकेंगे।