रांची।झारखंड पिछले छह महीने से केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर है।केंद्रीय एजेंसियों की जद में अब तक नेता,अफसर, व्यवसायी-बिल्डर तक आ चुके हैं।निलंबित आईएएस पूजा सिंघल से शुरू हुई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समन तक जा पहुंची है।
जानें छह महीने में केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई कहां से कहां तक पहुंची
1. 6 मई 2022- निलंबित आईएएस पूजा सिंघल के घर ईडी ने छापा मारा। 2009-10 के दौरान हुए मनरेगा घोटाला में एक साथ झारखंड, बंगाल, हरियाणा, राजस्थान में छापेमारी की। 19.41 करोड़ रुपये में से 17 करोड़ पूजा के पति अभिषेक झा के सीए सुमन के पास से बरामद हुए। पूजा-सुमन जेल में हैं।
2. 19 जुलाई 2022- बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में ईडी ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले ईडी ने उनसे घंटों पूछताछ की थी। गिरफ्तारी से पूर्व भी ईडी ने पूछताछ की थी। ईडी के रडार पर पंकज के करीबी भी हैं।
3. 25 अगस्त 2022- अवैध खनन मामले में रांची में ईडी की छापेमारी के बाद प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार किया गया। सत्ता के करीबी कहे जाने वाले प्रेम के घर से दो एके 47 बरामद हुए। इससे पूर्व मनरेगा घोटोले में संताल के कई डीएमओ से ईडी की पूछताछ में प्रेम ईडी के रडार पर 25 मई को ही आ चुका था।
4. 01 नवंबर 2022- अवैध खनन से जुड़े मामले में ईडी ने सीएम हेमंत को समन भेजा। इसके बाद सीएम ने कहा कि यदि उन्होंने गुनाह किया है तो समन भेजकर पूछताछ क्यों करना, सीधे गिरफ्तार करें। उन्होंने ईडी से तीन हफ्ते का समय मांगा है। सीएम को समन के बाद राज्य में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है।
5. 04 नवंबर 2022- आयकर चोरी के संदेह में कांग्रेस के बेरमो विधायक अनूप सिंह और पोड़ैयाहाट से विधायक प्रदीप यादव के ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की। छापेमारी सुबह से देर शाम तक जारी रही। इस दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
6. 05 नवंबर 2022- चार नवंबर को व्यवसायी विष्णु अग्रवाल के कई ठिकानों पर भी ईडी ने दबिश दी थी। अब ईडी पूछताछ के लिए विष्णु अग्रवाल को समन कर सकती है। चार नवंबर की कार्रवाई पांच नवंबर को भी जारी रही। विधायक-व्यवसायी के यहां से जब्त दस्तावेज व संपत्ति का आकलन होता रहा।





