रांची।झारखंड में गुरुवार को कई जिलों में लू चलने के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। इससे कुछ इलाकों में तीखी धूप से थोड़ी राहत मिली,लेकिन उमस में कमी नहीं आने से परेशानी बढ़ी रही। कई जिलों में दिनभर लू चली‌।गर्मी से अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे सुखद नींद लेना मुश्किल होता जा रहा है।





गुरुवार को गर्म हवा से गिरिडीह, मेदिनीनगर, रांची में कहीं-कहीं लू की चलती रही। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान शाम साढ़े पांच बजे 42.4, गढ़वा का 42.8, गिरिडीह और चाईबासा का 41.4, जमशेदपुर का 41.2, देवघर का 40.9 और रांची का 38.6 रहा। पिछले 24 घंटे के अंदर दिन की तपिश के साथ रातों में भी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़़ गई है।





शुक्रवार को कई इलाकों में लू चलने के आसार





मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भी मेदिनीनगर, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा और लोहरदगा में कुछ स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। वहीं 16 और 17 अप्रैल को उत्तर पूर्वी भाग में संतालपरगना में कुछ जगह पर हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन के साथ वज्रपात के आसार हैं। 17 और 18 अप्रैल को पूर्वी भाग और इसके निकटवर्ती मध्य भाग में मेघ गर्जन और वज्रपात संभव है। हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना नगण्य है।