रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने आवास पर उपस्थित जनता के समूह को संबोधित करते हुए कहा है कि झारखंड के विकास को रफ्तार देने के लिए रोड मैप तैयार कर लिया गया है। सरकार राज्य के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में उनकी सरकार बनते ही पूरे देश में कोरोना संक्रमण फैल गया। इससे विकास की रफ्तार पर असर पड़ा।

सीएम हेमंत ने कहा कि पिछले दिनों चलाए गए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए राज्य सरकार की पहुंच पंचायत-पंचायत गांव-गांव में हुई है और इससे कई जिलों में भारी बदलाव आया है।लोगों की परेशानियां काफी हद तक दूर हुई। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जो भी समस्याएं निकल कर सामने आ रही थी, उन पर विशेष ध्यान दिया गया।इससे लोगों की परेशानियां दूर हुई।

सीएम हेमंत ने कहा कि हमारे राज्य में अधिकतर हिस्सा गांव से जुड़ा हुआ है और इसलिए अधिकतर योजनाएं गांव और ग्रामीणों के समग्र विकास को ध्यान में रख कर बनाई गयी है।पेंशन से संबंधित योजनाएं,विधवा महिला विकलांग बुजुर्गों के लिए एकल महिलाओं के लिए बनाई गई योजनाएं, धोती साड़ी योजना, फूलों झानो आशीर्वाद योजना सरीखे कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाकर घर-परिवार में खुशहाली लाना है। सभी कार्य योजनाओं पर जमीनी स्तर पर कार्य चल रहा है।समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

सीएम हेमंत ने ग्रामीणों से अपील की आपके लिए बनाई गई योजनाओ का अवश्य लाभ लें।सरकार आपके द्वार जैसे कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहेगा,ताकि गांव से जुड़ी परेशानियों से वाकिफ होकर समय पर उसका समाधान किया जा सके।इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद, राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, बरहेटविधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, डीसी रामनिवास यादव, एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा, के अलावा कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पतना के धर्मपुर स्थित आवासीय परिसर में जनता से सीधा संवाद किया और लोगों की परेशानियों से जाना।उनकी समस्याओं के निदान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिये। उन्होंने लोगों से आवेदन लिया तथा उनकी समस्याओं का निदान के लिए पूरा भरोसा दिलाया ।