रांची।झारखंड के सत्तापक्ष के विधायकों के लिए रायपुर नया ठिकाना बन गया है़। मंगलवार को यूपीए के 32 विधायक विशेष चार्टर्ड विमान से रवाना हुए।हॉर्स ट्रेडिंग से बचने के लिए सरकार ने क्राइसिस मैनेजमेंट तैयार किया है़।सूचना के मुताबिक 31 अगस्त तक विधायक रायपुर में टिक सकते हैं। एक तारीख को झारखंड कैबिनेट की बैठक है।कांग्रेस के 13 और झारखंड मुक्ति मोर्चा के 19 विधायक रायपुर पहुंच गये हैं।ये सभी सीएम आवास से दिन में 3.30 बजे दो बस में रांची एयरपोर्ट के लिए निकले।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधायकों को एयरपोर्ट तक छोड़ने गए थे।शाम 5.30 बजे रायपुर स्थित होटल मेफेयर रिसॉर्ट पहुंचे। रात में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश सिंह बघेल ने विधायकों के साथ झारखंड की राजनीति पर चर्चा की।हेमंत सोरेन की सदस्यता रद्द होने के बाद की स्थिति और आगे की रणनीति पर रायशुमारी की।
कांग्रेस के पांच और झामुमो के 11 विधायक नहीं गए
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्पीकर रवींद्रनाथ महतो सहित झामुमो कोटे के सभी मंत्री रांची में ही हैं।दुमका विधायक बसंत सोरेन, लोबिन हेंब्रम, सविता महतो भी रायपुर नहीं गए हैं।कांग्रेस के इरफान अंसारी, नमन बिक्सल और राजेश कच्छप कोलकाता में हैं।हाल ही में मां बनीं विधायक ममता देवी और बीमार प्रदीप यादव भी रायपुर नहीं गए हैं।
फोन कर बुलाया गया सीएम आवास
मंगलवार सुबह 9 बजे विधायकों को फोन कर 12 बजे तक सीएम आवास पहुंचने का निर्देश दिया गया।
विधायकों से मिलना मुश्किल
30 और 31 अगस्त के लिए मेफेयर रिसॉर्ट को कांग्रेस मीटिंग के नाम से बुक कराया है। विधायकों को बाहरी किसी से मिलने की इजाजत नहीं है।होटल के चिह्नित कर्मचारी ही विधायकों के पास आ जा सकेंगे।
सीएम हेमंत बोले हर परिस्थिति के लिए सत्तापक्ष है तैयार
विधायकों को रायपुर रवाना करने के बाद एयरपोर्ट से बाहर निकलने पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यह कोई आश्चर्यचकित करने वाला और नई परिपाटी नहीं है।राज्य में कुछ भी अनहोनी नहीं होने जा रही है।सत्तापक्ष हर परिस्थिति का सामने करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में जो राजनीतिक घटनाक्रम हो रहा है,उसे देखते हुए एक रणनीति के तहत कार्य किए जा रहे हैं।उसी रणनीति की आप लोगों ने छोटी सी झलक पहले भी देखी है और आज भी,आगे भी कई चीजों को देखेंगे।
1- 3 :30 बजे दो बसों और दर्जनों कारों के काफिले में विधायक सीएम आवास से एयरपोर्ट के लिए निकले।
2- 4.30 बजे इंडिगो का विमान विधायकों को लेकर रायपुर के लिए उड़ा।
3- 5.30 बजे विमान रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचा।
महागठबंधन के ये विधायक गए रायपुर
कांग्रेस के 18 में 13 विधायक
आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, बादल पत्रलेख, बन्ना गुप्ता, दीपिका पांडेय सिंह, उमाशंकर अकेला, अंबा प्रसाद, जयमंगल उर्फ अनूप सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, सोना राम सिंकू, शिल्पी नेहा तिर्की, भूषणबाड़ा, रामचंद्र सिंह
झामुमो के 30 में 19 विधायक
स्टीफन मरांडी,नलिन सोरेन, मथुरा महतो, सीता सोरेन, निरल पूर्ति, दशरथ गगराई, दिनेश विलियम मरांडी, सुखराम उरांव,भूषण तिर्की, बैजनाथ राम, विकास सिंह मुंडा, जिग्गा सुसारण होरो, संजीव सरदार, रामदास सोरेन, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, सुदिव्य कुमार सोनू, सरफराज अहमद, चमरा लिंडा।
ये भी गए रायपुर
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राहुल सिंह, संतोष पांडेय, अब्दुस सलाम अंसारी, मो. अब्बास, मुकेश मंडल, कुमार संजय, प्रदीप महतो और गजनफर इमान।





