रांची।झारखंड की राजधानी रांची में विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित झारखंड जनजातीय महाेत्सव मंगलवार से शुरू हो गया है।राजधानी रांची में देश दुनिया के आदिवासी विशेषज्ञ और कलाकारों का जबरदस्त जमघट लगा है।दो दिवसीय इस महोत्सव में आदिवासी समुदाय के कलाकार अपनी लोक संस्कृति, कला और साहित्य से लोगों को रूबरू करा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में दिशोम गुरु शिबू सोरेन समेत बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद हैं।





सीएम हेमंत सोरेन इस विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को लेकर लगातार टवीट कर रहे हैं। उन्होंने टवीट कर लिखा है कि झारखंड जनजातीय महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न कोने से प्रबुद्धजन, संगीतकार, नृत्य मंडली, रॉक बैंड समेत अनेक आदिवासी कलाकार प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य के इतिहास में पहली बार समृद्ध आदिवासी जीवन की झलकियां यहां देखने को मिलेंगी।





सीएम सोरेन ने टवीट कर जानकारी दी है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विश्व आदिवासी दिवस पर झारखंड के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। इसमें उन्होंने कहा है कि विश्व आदिवासी दिवस पर समस्त आदिवासी समाज को बहुत बहुत बधाई। यह जानकार खुशी हो रही है कि झारखंड में पहली बार रांची में झारखंड जनजातीय महोत्सव का शानदार आयोजन हो रहा है। आदिवासी समाज की संस्कृति, कला, परंपरा का भारतीय समाज में बहुत बड़ा योगदान है। यह हम सब के लिए गर्व की बात है।





सीएम सोरेन ने कहा है कि हम आदिवासियों की कहानी लम्बे संघर्ष एवं कुर्बानियों की कहानी है। विश्व आदिवासी दिवस के शुभ अवसर पर हमारे वीर पुरुखों को शत-शत नमन और सभी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। उनकी शहादत को याद कर हम सब गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। आदिवासी समाज का योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता है।





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्व आदिवासी दिवस पर झारखंड समेत दुनिया के तमाम आदिवासी समाज को बधाई दी है।