विशेष संवाददाता,रांची। झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की अध्यक्ष रंजीता हेम्ब्रोम ने कहा कि झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ ने अपनी प्रमुख समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्य सचिव से मुलाकात किया है। संघ ने मुख्य सचिव को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा है। इस मांग पत्र पर मुख्य सचिव ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। संघ की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 10 और 11 अगस्त 2023 को झारखंड राज्य प्रशासनिक सेवा के सभी पदाधिकारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे।
श्रीमती हेम्ब्रोम बुधवार को प्रेसवार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि संघ ने अनेक बार मुख्यमंत्री एवं सरकार के विभिन्न पदाधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराने एवं उनके निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा है। हाल ही में दिनांक 2 जून 2023 को मुख्यमंत्री एवं उनके प्रधान सचिव तथा 27 जून 2023 को मुख्य सचिव को इन 15 सूत्री मांगों का ज्ञापन दिया गया था। हर बार बताया गया कि इन समस्याओं के निराकरण हेतु सरकार गंभीर है। परन्तु अब तक हमें हमेशा निराशा ही हाथ लगी। सरकार के इस असंवेदनशील एवं उदासीन रवैये से सदस्यों में काफी रोष है तथा उनका मनोबल टूटा रहा है। ऐसी परिस्थिति में संघ के पदाधिकारी आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य हो गए है।
संघ के महासचिव राहुल कुमार ने कहा कि बुधवार को मुख्य सचिव से मिलकर उन्हें 15 सूत्री मांगों पर एक महीना बीत जाने के बाद भी किसी प्रकार के सकारात्मक पहल नहीं किये जाने के कारण संघ के सदस्यों में व्याप्त रोष से अवगत कराया। संघ द्वारा स्पष्ट किया गया कि सरकार के उदासीन एवं असंवेदनशील रवैया के कारण संघ आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य हो गई है।
प्रेसवार्ता में उपाध्यक्ष दिलेश्वर महतो, दिलीप तिर्की, कार्यकारिणी सदस्य अरुण कुमार सिंह, राजेश कुमार बरवार, कोषाध्यक्ष, प्रणव कुमार पाल, कार्यालय सचिव,मनीषा जोसेफ तिग्गा, कार्यकारिणी सदस्य,प्रवीण कुमार सिंह, सह मीडिया प्रभारी, सुधीर बाड़ा, कार्यकारिणी सदस्य मौजूद थे।





