रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दीपावली के पहले सभी सरकारी विभागों के कर्मियों-अधिकारियों का वेतन निर्गत करने का आदेश जारी कर दिया था।वेतन भी निर्गत होने लगा, लेकिन कई विभागों में कार्यरत संविदाकर्मियों का भुगतान नहीं हो पाया है।जिससे उनकी दीपावली फीकी रहेगी।सबसे खराब हालत ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल रामगढ़ के कर्मियों की है।ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के पदाधिकारियों और कर्मचारियों की दुर्गापूजा भी फीकी रही और अब दीपावली भी फीकी रहेगी।कर्मियों ने ग्रामीण विकास विभाग (ग्रामीण कार्य मामले) के प्रधान सचिव को आवेदन भेजकर यह जानकारी दी।
कर्मियों ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग विशेष कार्य प्रमंडल रामगढ़ में एक सितंबर से कार्यपालक अभियंता का पद एक सितंबर 22 से रिक्त है। इस कारण सितंबर से विभाग के पदाधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हुआ है। दुर्गा पूजा तो बीत गयी, अब दीपावली भी ऐसे ही बीतने की संभावना है। अभी तक किसी कार्यपाल अभिय़ंता का पदस्थापन नहीं हुआ है।
कर्मचारियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से त्योहार के समय उनके समक्ष आर्थिक तंगी की स्थिति बन गयी है। कर्मियों ने सचिव से आग्रह किया है कि जब तक किसी कार्यपालक अभियंता का पदस्थापन नहीं होता है, कोई वैकल्पिक उपाय कर वेतन भुगतान की व्यवस्था की जाए। इनके अलावा जेएसएलपीएस के डाटा इंट्री ऑपरेटर और अन्य कर्मी, मनरेगा के सभी कर्मी, स्वास्थ्य विभाग के एएनएम, एमएम और डाटा इंट्री ऑपरेटर, झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी और एड्स कंट्रोल सोसायटी के सभी कर्मियों को वेतन भुगतान नहीं हो पाया है।





