रांची।झारखंड में सोमवार से मौसम के मिजाज में फिर से बदलाव होगा और गर्मी का कहर बढ़ेगा। साइक्लोनिक सरकुलेशन और टर्फ लाइन सिस्टम का प्रभाव खत्म होते ही 25 अप्रैल से पलामू प्रमंडल के अलावा उत्तरी भाग के कुछ जिलों में एक बार फिर लू चलेगी। लू के थपेड़ों के बीच उत्तर-पश्चिम और दक्षिण पश्चिम दिशा से गर्म हवा चलेगी।मौसम केंद्र ने राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने यलो अलर्ट में जानकारी दी है कि राज्य में मेदिनीनगर, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और गिरिडीह जिले के साथ-साथ निकटवर्ती क्षेत्र में भी कहीं-कहीं लू की हालत बनी रहेगी। शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे जारी बुलेटिन में मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42.5, जमशेदपुर का 41.6, गोड्डा का 40.2, देवघर का 40.1 एवं रांची का 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मेदिनीनगर, जमशेदपुर और रांची में अधिकतम तापमान अभी सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस ही ज्यादा है।इस कारण रविवार तक इन क्षेत्रों में लू की हालत नही रहेगी, लेकिन दो दिन दिन बाद अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने से लू के हालात उत्पन्न हो सकते हैं।
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को राज्य में कमोबेश हर इलाके में पिछले कई दिनों से लोग गर्मी से कुछ राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन सोमवार से फिर से तपिश बढ़ेगी और धीरे-धीरे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे एक बार फिर लोग दिन में उमस भरी गर्मी और गर्म रात की स्थिति महसूस करेंगे। मौसम पूर्वानुमान में रविवार से 27 अप्रैल तक मौसम शुष्क और आसमान साफ रह सकता है।
धनबाद के लोग इन दिनों भीषण गर्मी से परेशान हैं। शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से शनिवार को भी राहत नहीं मिली। तीखी धूप और लू से बचने के लिए अधिकतर लोग गमछा या अन्य कपड़ों से चेहरा ढंक रहे हैं। दोपहर बाद सड़कों पर कम लोग दिख रहे हैं। लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। शनिवार को धनबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। मौसम केन्द्र के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की वृद्धि की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों में धनबाद का तापमान 42 से 43 डिग्री रहने का अनुमान है।





