गढ़वा।झारखंड में लगातार दूसरे दिन बुधवार को जिले में लू ने अपने कहर ढाया।विभिन्न स्कूलों के तीन छात्र-छात्राएं लू और गर्मी के चपेट में आने से बेहोश हो गए।बच्चों के बेहोश होने से स्कूलों में हड़कंप मच गया। बच्चों के परिजनों को सूचना दी गई। बच्चों के होश आने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार भवनाथपुर प्रखंड अंतर्गत मिडिल स्कूल अरसली के छठी क्लास के छात्र रितेश कुमार गर्मी की वजह से क्लास रूम में ही बेहोश हो गया। इसकी सूचना रितेश के परिजनों को दी गई।सूचना पर मां स्कूल पहुंची।स्कूल के सहायक शिक्षक मनोज कुमार बच्चे का इलाज कराने डॉक्टर के पास ले गए। इलाज के बाद बच्चा स्वस्थ है। मां ने बताया कि देरी होने के कारण बच्चा बगैर नाश्ता ही स्कूल आ गया था। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय घाघरा की वर्ग तीन की छात्रा रिंकू कुमारी भी स्कूल में बेहोश हो गई।रिंकू कुमारी के परिजनों को सूचना दी गई। छात्रा के होश आने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। केतार प्रखंड के मध्य विद्यालय ताली में छठी का छात्र कुश कुमार भी बेहोश हो गया। कुश के पिता नंदू साह बताते हैं कि घर में खाने पीने की कमी नहीं है। सुबह भात और दाल खाकर स्कूल गया था। होश आने के बाद उसने क्लास भी किया। छुट्टी होने पर वह स्कूल से खुद घर चला आया। कुश ने बताया कि स्कूल में सुबह अल्पाहार नहीं मिला था।

मालूम हो कि मंगलवार को भी केतार प्रखंड के विभिन्न स्कूलों के करीब एक दर्जन छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी और लू के कारण स्कूल के प्रार्थना सभा या क्लास रूम में ही बेहोश हो गए थे। इसके बाद उनके होश आने पर परिजनों के उन्हें साथ घर भेज दिया गया।

बताया जाता है कि सभी की स्थिति सामान्य है। प्राथमिक विद्यालय गुरुर की छात्रा चंचला कुमारी मंगलवार को स्कूल में बेहोश हो गई थी। मां सीमा देवी ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक है। उन्होंने बताया कि बेटी को सुबह सब्जी भात खिलाकर स्कूल भेजे थे। वह खाली पेट स्कूल नहीं गई थी।