रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) के समन के बाद अपना तेवर कड़ा कर लिया है।सीएम सोरेन चुनौती देने के मूड में हैं और विरोधियों पर पलटवार की भी तैयारी है।सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने साफ कहा है कि अगर सरकार के साथ साजिश हुई तो छोड़ेंगे नहीं।गुरुवार को राजधानी रांची में झामुमो समर्थकों की जुटी भीड़ का भी अंदाज तल्ख था।झामुमो का निशाना केंद्रीय एजेंसियां, राज्यपाल और भाजपा है।समर्थकों को इसके खिलाफ आंदोलन शुरू करने का निर्देश दिया गया है।इसकी शुरूआत आज शनिवार पांच नवंबर से होगी।





आज शनिवार झामुमो के कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों में सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और आने वाले दिनों में ये तेज होगा।सहयोगी दल कांग्रेस ने भी प्रदर्शन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का फैसला किया है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी जिला इकाइयों को निर्देश जारी किया है कि कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ प्रदर्शन में शामिल हों।







भाजपा भी पलटवार की तैयारी में है।भाजपा ने सात नवंबर से प्रखंड मुख्यालयों से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। इस शक्ति प्रदर्शन से सियासी भिड़ंत की पृष्ठभूमि तैयार हो रही है।राजधानी रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है।ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय और राजभवन की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। भाजपा ने संवैधानिक संस्थानों पर निशाना साधने की कोशिशों का विरोध किया है।





आंदोलन के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष के अपने-अपने मुद्दे हैं। भाजपा, ईडी और राजभवन के खिलाफ आंदोलन का आह्वान कर सत्तापक्ष की तैयारी राजनीतिक विरोधियों को जवाब देने के साथ-साथ शक्ति प्रदर्शन करने की है। उधर भाजपा ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए घेराबंदी तेज की है।