पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।छठवीं झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन सोमवार को 80 विधायकों ने शपथ ली। 11 बजकर 15 मिनट पर सदन की कार्यवाही शुरू हुई। प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी ने 80 नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई।सबसे पहले मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाई गयी। इसके बाद नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलायी गई। स्टीफन मरांडी मंगलवार को शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार को दिन के 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।





प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी ने सबसे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री बरहेट विधायक हेमंत सोरेन को शपथ दिलायी। इसके बाद राधाकृष्ण किशोर,दीपक बिरुवा,चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव,रामदास सोरेन,इरफान अंसारी,हफीजूल हसन,दीपिका पांडेय सिंह,योगेंद्र प्रसाद,सुदिव्य कुमार सोनू, शिल्पी नेहा तिर्की,मोहम्मद ताजुद्दीन,धनजंय सोरेन,हेमलाल मुर्मू,निसात आलम,आलोक कुमार सोरेन,रविंद्र नाथ महतो,बसंत सोरेन सहित 80 विधायकों ने झारखंड विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।





हेमलाल मुर्मू ने संताली,एमटी राजा ने उर्दू,जयराम महतो ने कुरमाली,अरूप चटर्जी ने बांग्ला और ममता देवी ने खोरठा भाषा में शपथ ली। इसके अलावा चंपाई सोरेन,मथुरा महतो सहित कई विधायकों ने भी स्थानीय भाषा में शपथ ली। कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल और श्वेता सिंह ने हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ ली। जबकि पूर्णिमा साहू ने दोनों हाथ जोड़कर झारखंड विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।





मंगलवार को विधानसभाध्यक्ष के रूप में रबींद्रनाथ महतो का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। वे लगातार दूसरी बार विधानसभाध्यक्ष होंगे।महतो ने सोमवार को विधानसभाध्यक्ष पद के लिए सात सेट में नामांकन दाखिल किया। सत्ता पक्ष के अलावा भाजपा,आजसू,जदयू,लोजपा के विधायक भी उनके या तो प्रस्तावक बने या समर्थन किया।