जमशेदपुर।झारखंड के जमशेदपुर के टाटानगर से जम्मू तवी के लिए शुक्रवार को सवा दो साल बाद ट्रेन चली। इसको लेकर सिख समाज और शहर के लोगों में खुशी का माहौल स्टेशन पर देखने को मिला।पूर्व विधायक मेनका सरदार समेत अन्य प्रतिनिधियोें ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
दिल्ली,पंजाब व वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के नेता सतवीर सिंह सोमू ने सांसद विद्युत महतो,झारखंड प्रदेश गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार शैलेंद्र सिंह और तमाम गणमान्य लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इनके आंदोलन का ही नतीजा है कि आज सवा दो साल इस ट्रेन का परिचालन शुरू हाे गया।इससे दिल्ली, पंजाब और वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों की यात्रा सुखद होगी।
हर दिन ट्रेन चलाने की मांग
पटना तख्त के महासचिव इंदरजीत सिंह ने कहा कि सांसद विद्युत महतो के शहर पहुंचने पर समाज के युवा साथियों द्वारा उनका स्वागत किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सांसद से मांग की जायेगी कि पूर्व की तरह ट्रेन प्रतिदिन चलायी जाए।इससे पूर्व सांझी आवाज के अध्यक्ष सतबीर सिंह सोमू, पटना तख्त के महासचिव इंदरजीत सिंह, झारखंड प्रदेश गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार शैलेंद्र सिंह ने ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच लड्डू बांटकर उनका मुंह मीठा कराया।ट्रेन चालक को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। यात्रियों में काफी खुशी देखी गयी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मेनका सरदार, संजीव कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, संदीप शर्मा बौबी, त्रिदेव चट्टराज, संजय सिंह, मंजीत सिंह गिल, बलबीर सिंह गिल, चंचल भाटिया, कुलवंत सिंह बंटी, अमनजोत सिंह, हरविंदर सिंह, सतपाल सिंह, रोशन सिंह, नवजोत सिंह सोहल समेत अन्य काफी लोग मौजूद थे।





