डकैती की घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने 7 अपराधियों को किया गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद
घेराबंदी करने गई पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को लगी पैर में गोली
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बीते गुरुवार की रात्रि लगभग 8:15 बजे घाटशिला थाना अंतर्गत कापागोड़ा स्थित भोलेनाथ ढाबा के पीछे कुछ अपराधियों के डकैती की योजना बनाने के लिए एकत्रित होने की सूचना पुलिस को मिली। इन अपराधियों में एमजीएम और मानगो थाना कांड से जुड़े कुख्यात अपराधी भी शामिल थे,जिसकी सूचना पुलिस ने एसएसपी को दी, जिसके बाद उनके निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एमजीएम थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में मानगो, आजाद नगर और घाटशिला थाना प्रभारी के साथ-साथ सहस्त्र पुलिस बल की टीम बनाई गई।
उक्त टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए घटनास्थल को चारों तरफ से घेर लिया। साथ ही वहां मौजूद अपराधियों को पुलिस ने सरेंडर करने की बात भी कही। बावजूद इसके अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी,जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई,जो एक अपराधी के पैर में जा लगी। इस गोलीबारी के दौरान कुछ अपराधी मौके से भागने में सफल रहे,जबकि 7 अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किया। गिरफ्तार अपराधियों में उलीडीह डिमना बस्ती साधु कॉलोनी निवासी साजन मिश्रा, कपाली निवासी शाहिद खान उर्फ शहजादा, एमजीएम मुखिया डांगा हरी मंदिर के पास रहने वाला रोहित कुमार गुप्ता उर्फ सेठबाज, मुखिया टांगा सुजल स्टोर के पास रहने वाला शिव रंजन यादव उर्फ शिवपूजन, उलीडीह डिमना बस्ती झारखंड कॉलोनी हरी मंदिर के पास रहने वाला तापस दास, एमजीएम तुरिया बेड़ा पावर हाउस के पास रहने वाला गौरांग पुष्टि और मानगो पारडीह मारुति सुजुकी शोरूम के पास रहने वाला दिव्यांशु ओझा शामिल है। गिरफ्तारी के दौरान तलाशी के क्रम में पुलिस ने इनके पास से तीन देसी पिस्टल, एक देसी रिवाल्वर, 7 जिंदा कारतूस, फायर किया हुआ 6 पीस खोखा, स्विफ्ट डिजायर कार समेत अन्य सामान बरामद किया है।
मामले का खुलासा शुक्रवार पुलिस ऑफिस में एसएसपी प्रभात कुमार ने पत्रकारों के समक्ष किया। मौके पर एसपी सिटी के विजय शंकर, एमजीएम थाना प्रभारी राजू, मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसएसपी ने बताया कि गुरुवार की संध्या अपराधियों के भोलेनाथ ढाबा के पीछे एकत्रित होने की सूचना पुलिस को मिली,जिसमें कुख्यात अपराधी साजन मिश्रा, नीरज सिंह और भगिना समेत 8-10 अपराधी शामिल थे। इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को चारों ओर से घेर लिया। मगर अपराधी पुलिस को देखते ही फायरिंग करने लगे। इस दौरान पुलिस ने अपना बचाव करते हुए अपराधियों को सरेंडर करने की चेतावनी भी दी। इसके बाद भी अपराधी फायरिंग करते रहे,जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की,जिसमें कुख्यात अपराधी साजन मिश्रा के पैर में एक गोली लगी। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर कुछ अपराधी भागने में सफल रहे,जबकि पुलिस ने 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार 6 अपराधियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। वहीं अपराधी साजन मिश्रा का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मामले में बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सभी अपराधी मृतक अमरनाथ सिंह के गिरोह से जुड़े हुए थे। फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है।





