रांची‌। झारखंड की राजधानी रांची से 51 किलोमीटर दूर सोनाहातू के राणाडीह में डायन बिसाही का आरोप लगाकर दो महिलाओं की पत्थर से कूचकर हत्या करने का मामला सामने आया है।रविवार शाम पुलिस ने गांव से ढाई किलोमीटर दूर स्थित पहाड़ी से दोनों महिलाओं का शव बरामद किया है।एक अन्य महिला लापता है उसकी भी हत्या की आशंका जताई जा रही है।पुलिस तीसरी महिला की तलाश में जुटी है।मृतकों में 45 वर्षीय राइलू देवी और 60 वर्षीय ढोली देवी शामिल हैं।लापता महिला का नाम आलोमनी देवी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





गांव में युवक की हुई थी मौत





मिली जानकारी के‌ अनुसार गुरुवार रात तमाड़ एकलव्य स्कूल का छात्र 18 वर्षीय राजकिशोर मुंडा को सांप ने काट लिया था।परिजनों ने ओझा से झाड़ फूंक कराई,लेकिन शुक्रवार दोपहर राजकिशोर की मौत हो गई। संयोग से उसके पड़ोसी दूसरे युवक 19 वर्षीय ललित मुंडा को भी शुक्रवार शाम सांप ने काट लिया। उसी ओझा ने झाड़-फूंककर उसे ठीक किया। उसी ओझा ने राइलू देवी पर डायन होने का आरोप लगाया।ओझा के बहकावे में आकर मृतक राजकिशोर के परिजन तीनों महिलाओं के घर पहुंच गए और तीनों से मारपीट की। अगले दिन शनिवार से राइलू, ढोली और आलोमनी गायब हो गईं। रविवार को जानकारी मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और एक ग्रामीण की निशानदेही पर ढाई किलोमीटर दूर स्थित पहाड़ी से दोनों महिलाओं का शव बरामद किया।दोनों शवों पर चोट के निशान पाए। शव देखकर लग रहा था दोनों की पत्थर से कूचकर हत्या की गई है।मृतक राइलू देवी का पति अभिमन्यु मुंडा, बेटा ललित मुंडा और दो बेटी हैं। तीनों महिलाओं का परिवार मजदूरी से जीवन यापन करते हैं।





आपको बता दें कि महिलाओं के लापता होने की सूचना के बाद जब पुलिस टीम गांव पहुंची तो गांव की महिलाओं ने पुलिस टीम को गांव में घुसने से रोक दिया। महिलाओं ने कहा कि मामला गांव का है। ग्रामीण इसे बैठकर सुलझा लेंगे। बाद में अतिरिक्त फोर्स के साथ पुलिस गांव में घुसी।