पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़।डीएवी पब्लिक स्कूल के वर्ग अष्टम के मनोज सोरेन ने नई दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2024-25 की खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।मनोज सोरेन ने गोल्ड मेडल जीतकर विद्यालय,शहर और झारखंड का नाम रोशन किया।





डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता,जिसे भारत सरकार के स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा मान्यता प्राप्त है। विद्यालय के मनोज सोरेन ने 100 मीटर रेस में लगभग 500 विद्यालय के प्रतिभागियों को पछाड़ कर प्रथम स्थान हासिल किया। मनोज सोरेन को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। 1 दिसंबर से 5 दिसंबर तक दिल्ली के खेलगांव में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद शनिवार को पाकुड़ आगमन पर खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।





विद्यालय प्राचार्य डॉक्टर विश्वदीप चक्रवर्ती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हमारा विद्यालय पढाई लिखाई के क्षेत्र में ही नहीं खेल के मैदान में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है। जहां जाता है वहां परचम लहरा कर आता है। विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स की इस प्रतियोगिता में जम्मू कश्मीर,हिमाचल प्रदेश,पंजाब,हरियाणा,उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश,पश्चिम बंगाल,गुजरात,बिहार,महाराष्ट्र,छत्तीसगढ़ आदि विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों के बीच कड़े मुकाबले में स्थान बना पाना काफी कठिन कार्य होता है, लेकिन हमारे खिलाड़ियों ने इसे सिद्ध करके दिखाया है। हम सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते है और प्रशिक्षु शिक्षक के नियमित प्रयास में सहयोग एवं कुशल मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद देते हैं।





डाॅक्टर विश्वदीप चक्रवर्ती ने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के सभी खेल शिक्षकों को धन्यवाद किया और उनके अथक परिश्रम की सराहना की।इस उपलब्धि पर डीएवी झारखंड जोन एचके सहायक निदेशक डॉक्टर प्रवीर हाजरा ने मनोज सोरेन और विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने बताया कि अपने जोन के लिए यह गौरव की बात है। बता दें कि प्राचार्य और सभी शिक्षकों के बीच हर्ष का माहौल रहा। सभी ने मनोज सोरेन के उज्जवल भविष्य की कामना की।