लखनऊ।कांग्रेस ने बढ़ती हुई मंहगाई को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान कई बार ऐसी नौबत आई कि पुलिस को सख्त रवैया अपनाना पड़ा। पुलिस के सख्त रवैये से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी बढ़ा दी।पुलिस ने‌ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को जेल में बंद कर दिया।
देशभर में किए गए इस प्रदर्शन का बड़ा असर सूबे की राजधानी लखनऊ में देखने को मिला है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण बढ़ी महंगाई से आम जनता की कमर टूट चुकी है।हम सभी कांग्रेसजनों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी सरकार को नागवार लग रहा है। पीसीसी से राजभवन तक शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च कर रहे हम सभी कांग्रेसजनों की गिरफ़्तारी कर ली गई। कांग्रेस जन हित में लड़ती रहेगी।

इस संबंध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से ट्वीट कर कहा गया कि महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान तानाशाह सरकार की बेलगाम पुलिस ने लाठियां भांजीं,​ जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता शोभित अवस्थी और ज्ञानेश शुक्ला को चोट आई। सरकार को याद रखना चाहिए कि तानाशाही की उम्र छोटी और अंत बुरा होता है।

यूपी कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई के खिलाफ पीसीसी से राजभवन तक शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च कर रहे हम सभी कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर लिया गया।ये दमनकारी नीतियां हमारे लोकतंत्र के लिए घातक हैं।कांग्रेस पुलिस के पहरे से डरने वाली नहीं है।हम जनता के हितों की लड़ाई लड़ेंगे।

आपको बता दें कि कांग्रेस मंहगाई के खिलाफ चरणबद्ध अभियान चला रही है।उसी के तीसरे चरण के तहत प्रदेश मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना,विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय से राजभवन के लिए निकले।बीच में ही प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की।इस बीच एक कार्यकर्ता को गंभीर चोट भी आई।