आगरा।उत्तर प्रदेश के आगरा में विश्व प्रसिद्ध स्मारक मोहब्बत की निशानी ताजमहल की सुरक्षा में बुधवार सुबह बड़ी चूक का मामला सामने आया है।बाहरी जिले के नंबर की एक कार दो सुरक्षा बैरियर को पारकर ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंच गई।पुलिस को जैसे ही इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।पुलिस ने आनन-फानन में कार चालक को हिरासत में ले लिया।पुलिस चालक से पूछताछ में जुटी है।
कार को आते हुए नहीं देख सके सुरक्षाकर्मी
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में ताजमहल के पूर्वी गेट के पास बुलट सवार दो पुलिसकर्मी कार का पीछा करते हुए दिख रहे हैं।दरअसल बुधवार सुबह ताजमहल के पूर्वी गेट पर सुरक्षा में सेंध लग गई।ताजमहल की सुरक्षा में लगे हुए सुरक्षाकर्मी पूर्वी गेट की तरफ आने वाली कार को नहीं देख सके और जैसे ही उन्हें कार के बारे में जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कार चालक को रोककर उसे हिरासत में ले लिया गया।
दो बैरियर पार कार प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंची कार
आपको बता दें कि ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था को दो भागों में बांटा गया है।जहां पर रेड जोन में केंद्रीय और यलो जोन में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था संभालती है।शिल्पग्राम से लेकर ताजमहल के पूर्वी गेट तक सुरक्षा के लिए दो बैरियर लगाए गए हैं। यहां हमेशा सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं और किसी को भी बिना आधिकारिक इजाजत के ताजमहल की तरफ नहीं जाने देते,लेकिन बुधवार सुबह एक कार चालक सुरक्षा की धज्जियां उड़ाते हुए अपनी कार को दोनों बैरियर पार करके पूर्वी गेट तक ले गया।ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में सिर्फ उन्हीं वाहनों को प्रवेश मिल सकता है जो पास धारक हैं। यहां पर बाहर की गाड़ियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है।बिना पास धारक को ताजमहल के किसी भी प्रवेश द्वार पर 500 मीटर के दायरे में जाने की अनुमति नहीं है।





