प्रतिनिधि,चतरा। चतरा में एक बार फिर तेज रफ्तार हाइवा ने कहर बरपाया है। इस घटना में हाइवा ने एक ही परिवार के आठ सदस्यों को रौंद डाला,जिसमें मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शेष चार लोगों का उपचार सिमरिया रेफरल अस्पताल में करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।





मृतक मनु उरांव और करनी कछप पति पत्नी थे,जो हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के फूसरी गांव के रहने वाले थे। दोनों ने अपनी बेटी की शादी सिमरिया थाना क्षेत्र के पसेरी गांव में महज चार पांच दिन पहले ही किया था। बेटी के चौठारी में सभी टेंपों बुक कर पसेरी गए थे। वहीं से बेटी दामाद के साथ घर के अन्य सभी आठ सदस्य घर लौट रहे थे। इसी क्रम में जैसे ही वे पीरी जंगल पहुंचे वैसे ही विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने टेंपों को अपने चपेट में ले लिया। इस घटना में टेंपों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही मनु उरांव और करनी कछप की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिमरिया थाना और शीला ओपी पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। वहीं घायलों को उपचार के लिए सिमरिया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया।