थाने में सस्पेंड थानेदार ने की आत्महत्या,मफलर का फंदा बनाकर लगाई फांसी
थाने में निलंबित थानेदार ने की आत्महत्या,मफलर का फंदा बनाकर लगाई फांसी <Br/> <Br/>
sanjay kumar📍 रांची, झारखंड

झारखंड से एक सनसनीखेज खबर है। पलामू जिले में एक दारोगा ने आत्महत्या कर लिया है। जिले के नावा बाजार थाना के निलंबित थाना प्रभारी लालजी यादव ने सोमवार की रात में आत्महत्या कर ली। नावा बाजार थाना भवन में स्थित अपने कमरे में ही उन्होंने मफलर से फांसी लगाकर खुद को खत्म कर डाला।सुबह जब चाय के लिए उनका दरवाजा खटखटाया गया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो सामने पंखे से वे लटके मिले। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल इसकी जानकारी दी गई।मृतक सब इंस्पेक्टर साहेबगंज के रहने वाले थे।मंगलवार शाम तक उनके परिजन पलामू नहीं पहुंचे थे।
एएसपी सह एसडीपीओ के विजय शंकर ने पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा है कि प्रारंभिक जांच में मामला बुडमू मालखाने के चार्ज से उत्पन्न तनाव का सामने आया है,जांच पड़ताल जारी है। बुड़मू थाने के मालखाने के चार्ज हस्तांतरण की प्रक्रिया के क्रम में सोमवार की देर शाम लालजी यादव नावाबाजार थाने लौटे थे। नावा बाजार में तैनाती के पहले वह बुड़मू थाने के प्रभारी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जनवरी को सब-इंस्पेक्टर लालजी यादव को जिला परिवहन पदाधिकारी अनवर हुसैन की शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने स्सपेंड कर दिया था।स्टोन छरी लदे जब्त वाहन को कब्जे में लेने से इनकार कर देने की शिकायत डीटीओ ने की थी।विश्रामपुर के एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने इस मामले की जांच की थी। जांच के बाद दारोगा लालजी यादव को सस्पेंड कर दिया गया था।
सस्पेंड होने के बाद लालजी यादव रांची के बुढ़मू थाने के मालखाने का प्रभार देने रांची गए थे। घटना की सूचना पर डीआईजी राजकुमार लकड़ा, एसपी चंदन कुमार सिन्हा, मेदिनीनगर के एएसपी सह एसडीपीओ के विजय शंकर, विश्रामपुर के एसडीपीओ सुरजीत कुमार सिन्हा आदि नावा बाजार थाना पहुंचे।
दूसरी तरफ घटना के विरोध में नावाबाजार के ग्रामीणों ने एनएच-139 मेदिनीनगर-औरंगाबाद मार्ग को जाम कर दिया है। सुबह करीब नौ बजे से सड़क जाम कर रहे लोग शाम सात बजे तक जमे हुए थे।आक्रोशित ग्रामीण एसआई की मौत के लिए उच्चाधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर कार्रवाई और घटना की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। मेदिनीनगर सदर के एसडीएम राजेश साह ने जाम करने वालों को एनएच से हटने का कई बार अनुरोध किया पर लोग नहीं माने।
पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने कहा कि बुड़मू थाने के मालखाने से संबंधित कुछ सामान नहीं मिलने के कारण एसआई लालजी यादव परेशान थे। उन्होंने इसे लेकर अपने बैचमेट से भी चर्चा की है।
पलामू के नावा बाजार थाना प्रभारी लालजी यादव के आत्महत्या कर लेने की खबर से उनके परिजन स्तब्ध हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे उनकी पत्नी पूजा देवी, पिता राम अयोध्या यादव, भाई संजीव यादव, मां महेश्वरी देवी सड़क मार्ग से पलामू के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। लालजी यादव के स्थानीय कबूतरखोपी चानन स्थित घर के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी है। इधर उनके छोटे भाई रामजी यादव, भतीजे विवेक कुमार, बड़े चाचा राम गणेश यादव, राम सिंहासन यादव, रघुवंश प्रसाद यादव, शिव कुमार भगत आदि ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए।
संबंधित ख़बरें

हरियाणा: 582 विलेज नॉलेज सेंटर, राज्य अल्पसंख्यक आयोग विधेयक समेत नायब सरकार के कई ऐतिहासिक फैसले

बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत
● ब्रेकिंग

प्रयागराज में टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों का आंदोलन उग्र, कफन ओढ़कर किया चक्काजाम
● ब्रेकिंग

