वाराणसी।उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में जगतपुर स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे लक्सा थाने में तैनात दरोगा अजय यादव की गर्दन पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने पकड़ ली थी।बदमाशों ने कहा कि बहुत गुंडा बनते हो।दरोगा ने हेलमेट लगाया हुआ था,जिससे बदमाशों के इरादे को पहले समझ नहीं पाए, लेकिन दोनों बदमाशों को लेकर नहर में कूद गए।इसी दौरान तीसरे बदमाश ने दरोगा को गोली मार दी,जिससे वे अचेत होकर गिर पड़े।इसके बाद बदमाश सर्विस पिस्टल और पर्स लूटकर असलहा लहराते फरार हो गए।





2015 बैच के लक्सा थाने में तैनात दारोगा अजय यादव प्रतापगढ़ जिले के भीखमपुर गांव के रहने वाले हैं।अजय यादव ने बताया कि मंगलवार की शाम जैसे ही वे अपने मकान के पास पहुंचकर बाइक खड़ी कर रहे थे,तभी अचानक दो बदमाशों ने पीछे से उनकी गर्दन पकड़ ली।हेलमेट लगा होने से वे समझ नहीं पाए,लेकिन खतरा भांपते हुए दोनों बदमाशों को लेकर नहर में कूद गए। इसी दौरान तीसरे बदमाश ने गोली मार दी।जिससे गिर पड़े।अजय यादव ने बताया कि इसके बाद बदमाश पिस्टल,पर्स और मोबाइल लूटकर असलहा लहराते हुए फरार हो गए।





अजय यादव ने अधिकारियों को बताया कि वर्ष 2019 में लंका थाने में तैनाती थी। तैनाती के दौरान चितईपुर क्षेत्र 419 , 420, 467, 468, 471 के जमीन संबंधी मुकदमे में तीन के खिलाफ भूमाफिया का विवेचक रहा।इसमें एक को जेल भेजा था, दो आरोपित अभी भी फरार हैं।अजय यादव ने बताया कि इसके अलावा किसी के कोई रंजिश नहीं है।तीनों बदमाश 18 से 20 वर्ष के रहे होंगे।उन्होंने मास्क लगाया था।





पुलिस की पांच टीमें लगाई गईं





घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश, एसीपी संतोष कुमार सिंह, एसपी सूर्यकांत त्रिपाठी, नीरज पांडेय सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।सीपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं।बदमाश जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।





चिकित्सक आलोक शर्मा ने बताया कि गोली सीने से पीठ की तरफ पार हो गई है।हालांकि दरोगा की हालत खतरे से बाहर है।