दामोदर भैरवी संगम स्थल पर पर्यटकों को लुभा रहा है मां छिन्नमस्ता मंदिर,सैलानियों का आना शुरू





पूजा पाठ के अलावा पिकनिक का भी आनंद उठाते हैं सैलानी





मनोज झा,रजरप्पा(रामगढ़)।रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्ता मंदिर जहां झारखंड का प्रख्यात सिद्ध पीठ स्थापित है। वहीं यह एक पर्यटक स्थल के रूप में भी जाना जाता है।यहां आकर पर्यटक एक पंथ दो काज कर लेते हैं।यहां लोग पूजा-पाठ के लिए पहुंचते ही हैं।इसके साथ-साथ लोग पिकनिक का भी आनंद उठाते हैं।रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्ता मंदिर में श्रद्धालुओं व सैलानियों का आना शुरू हो गया है।लोग यहां पहुंचकर पूजा पाठ के अलावा पिकनिक का भी आनंद उठाते हैं। साथ ही साथ यहां का मनोरम दृश्य यहां पहुंचने वाले सैलानियों को खूब भाता है। मां छिन्नमस्ता मंदिर राजधानी रांची से 70 किलोमीटर दूर और जिला मुख्यालय रामगढ़ से 22 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां प्रत्येक वर्ष हजारों सैलानी दामोदर भैरवी नदी के संगम स्थल पर नौका विहार कर पिकनिक का लुफ्त उठाते हैं। यहां देश के कोने-कोने से पर्यटक भी पहुंचते हैं। इसके अलावा इन दिनों भोजपुरी और नागपुरी फिल्मों की शूटिंग यहां के खूबसूरत वादियों में की जा रही है,जिससे लोगों का आकर्षण इस क्षेत्र के प्रति काफी बढ़ रहा है।





दामोदर भैरवी संगम स्थल





मां छिन्नमस्ता मंदिर स्थित दामोदर भैरवी संगम स्थल की कल-कल करती नदी में पर्यटक नौका विहार का जमकर आनंद उठाते हैं।इस स्थल पर नौका विहार को लेकर दूरदराज से पर्यटक अपने परिजनों के साथ रजरप्पा मंदिर आते हैं। और इस मनोरम दृश्य का आनंद उठाते है।





रजरप्पा का गर्म कुंड





रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्ता मंदिर से एक किलोमीटर की दूरी पर गर्म जल कुंड है।यहां पहुंचकर पर्यटक जमकर स्नान करते हैं।मान्यता के अनुसार गर्म कुंड के बारे में लोग बताते हैं कि यहां स्नान करने से चर्म रोग जैसी बीमारियां दूर होती हैं,जिसके कारण यहां भारी संख्या में लोग पहुंचकर गर्म कुंड का आनंद उठाते हैं।हालांकि इसका वैज्ञानिक आधार है कि जल में फॉस्फोरस की मात्रा अत्यधिक होने के कारण चर्मरोग का निराकरण होता है।





बाह्मनधारा तट





रजरप्पा आवासीय कॉलोनी से 3 किलोमीटर की दूरी पर बाह्मनधारा तट है।यहां आवासीय कॉलोनी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोग पहुंचकर पिकनिक का आनंद उठाते हैं। यह क्षेत्र भी लोगों को काफी भाता है,जिसके कारण यहां पिकनिक मनाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रहती है।





क्या कहते हैं मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी





मां छिन्नमस्ता मंदिर न्यास समिति के सचिव शुभाशीष पंडा, वरिष्ठ पुजारी असीम पंडा,सुबोध पंडा,छोटू पंडा,गुड्डू पंडा का कहना है कि रजरप्पा मंदिर में नववर्ष को लेकर पूजा और पिकनिक के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है।यहां न्यास समिति द्वारा मंदिर में साफ सफाई की विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं व सैलानियों को पूजा पाठ करने में किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। साथ ही पिकनिक का भी बेहतर ढंग से आनंद ले सकें।





रजरप्पा में सुरक्षा का होगा व्यापक इंतजाम





रजरप्पा थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि नववर्ष को लेकर भारी संख्या में लोग यहां पूजा करने और पिकनिक मनाने के लिए पहुंचते हैं। इसके लिए मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं व सैलानियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं असामाजिक तत्वों पर भी विशेष नजर रखी जायेगी।