रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को जिलों के एसपी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उग्रवाद और अपराध नियंत्रण समेत विधि व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मसलों की समीक्षा की।सीएम सोरेन कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेषकर उग्रवाद एवं आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसा जाना चाहिए ताकि भयमुक्त वातावरण बना रहे।त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है।इस बार दुर्गा पूजा में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।इसके बाद दूसरे त्योहार भी आएंगे।ऐसे में दिसंबर तक पुलिस को हाई अलर्ट पर रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि शांति और सद्भाव बना रहे।इस दौरान सीएम ने एक माह में सभी जेलों में जैमर लगाने का भी निर्देश दिया।





नक्सल प्रभावित गांवों तक पहुंचाएं योजनाएं





सीएम सोरेन ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस की उपस्थिति में शिविर लगाकर ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का लाभ दें।बिजली, पानी, सड़क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएं। इससे उग्रवादी घटनाओं को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करें और उग्रवाद पर भी हर हाल में रोक लगाएं।





अपराधियों पर कसें नकेल





सीएम सोरेन ने कहा कि जेलों में बंद कई अपराधियों द्वारा मोबाइल से आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की शिकायत मिल रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य के सभी जेलों में एक माह में जैमर लगाएं। बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, सीएम के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, सचिव विनय चौबे आदि मौजूद थे।





युवाओं को रोजगार में पुलिस करे सहयोग





सीएम सोरेन ने कहा कि उग्रवाद प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों विशेषकर युवाओं को रोजगार से जोड़कर उग्रवादी घटनाओं पर अंकुश लग सकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे ग्रामीण इलाकों में तैनात सुरक्षाबलों की जरूरत के सामान ग्रामीणों से लें। इससे रोजगार के साथ उनकी आय में भी वृद्धि होगी।





उग्रवाद प्रभावित इलाकों में सड़क व पुल-पुलिया बनेंगे





सीएम सोरेन ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क और पुल बनाने की अगर जरूरत है तो उसकी पूरी मैपिंग कराएं और रिपोर्ट दें। इसके बाद यहां पुल-पुलिया और सड़क बनाने की पहल होगी ताकि नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाने में परेशानी न हो।





महिला उत्पीड़न रोकने को ठोस रणनीति बनाएं





सीएम सोरेन ने कहा कि अपराध के कई चेहरे हैं। साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इनसे निपटने के लिए पुलिस को ठोस रणनीति के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-छोटी घटनाएं काफी तूल पकड़ लेती हैं। अफवाह या किसी अन्य वजह से ऐसी घटनाएं इतनी तेजी से फैलती हैं कि इसके असर से बड़ा वर्ग प्रभावित होता है। ऐसी घटनाएं तूल नहीं पकड़े, इसका पूरा ध्यान रखें।