प्रतिनिधि,चतरा। जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को नशे के सौदागरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया थाना क्षेत्र के शिला ओपी पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बिरहू चौक के समीप से स्कूटी से तस्करी कर ले जा रहे अफीम की खेप व अफीम फाड़ने में प्रयुक्त पाउडर के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से 2 किलो अफीम,अफीम फाड़कर ब्राउन शुगर बनाने में प्रयुक्त 500 ग्राम पाउडर व एक मोबाइल फोन के साथ स्कूटी को बरामद किया गया है। सिमरिया अनुमंडल के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से बताया कि तस्कर अफीम की खेप लेकर बिक्री के लिए हजारीबाग लेकर जा रहे थे।





