धनबाद।जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा फुसबंगला बंद रेलवे क्रॉसिंग के आद्रा भागा रेल पथ पर ट्रैक मरम्मत कार्य करवा रहे धनबाद के ठेकेदार 40 वर्षीय बबलू सिंह पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।घायल हालत में स्थानीय लोगों ने‌ उनकी की कार से धनबाद के जालान अस्पताल पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने बबलू सिंह को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद सिंदरी के डीएसपी अभिषेक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल से नाइन एमएम का तीन खोखा बरामद हुआ,जबकि पुलिस एक कोखा खोजने में विफल रही।

शनिवार कि शाम आद्रा डिवीजन रेलवे के ठेकेदार बबलू सिंह अपने मजदूरों से ट्रैक मरम्मती कार्य देख रहे थे।इसी दौरान शाम 5 बजे पल्सर से दो मोटर साइकिल सवार रेलवे क्रॉसिंग के निकट पहुंचे।दोनों ने बबलू सिंह से उलझना शुरू कर दिया। एक व्यक्ति ने बबलू सिंह के सीने, कमर व जांघ में गोली दाग दी। हमलावरों ने भागते हुए हवाई फायरिंग की और भाग निकले। स्थानीय लोगों ने पहले बबलू को स्थानीय एक नर्सिंग होम ले गये।चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें उनकी कार जेएच 1बीएफ 2449 से धनबाद जालान अस्पताल पहुंचाया।

सुबह से ही की जा रही थी रेकी

सुबह ठेकेदार बबलू सिंह आईडब्ल्यूओ कार्यालय गये थे और तभी से ही उनकी रेकी की जा रही थी।चर्चा है कि बबलू सिंह पर रंगदारी मांगने में गोली चलायी गयी, जिससे उनकी मौत हो गयी।बबलू सिंह कम समय में ही बड़े ठेकेदारों में शुमार हो गये थे। बताया जाता है कि पहले बीसीसीएल के लोदना क्षेत्र में ठेकेदारी करते थे। तीन वर्ष पूर्व आद्रा डिवीजन में रेलवे में ठेकेदारी शुरू की।

कुसुम विहार में पानी टंकी खटाल के पास लगभग दो साल पहले बबलू सिंह पर गोली चली थी।धनबाद एसएसपी से इसकी शिकायत की गयी थी।इसके बाद बबलू सिंह को बॉडीगार्ड मिले थे।कुछ दिन पहले ही बॉडीगार्ड वापस ले लिया गया था।भागा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से अपराधियों के लिए वरदान साबित हुई।

सिंदरी डीएसपी ने बताया कि हत्यारे जल्द गिरफ्तार होंगे।रेलवे एवं पीडब्ल्यूडी मार्च 2021 से ओवरब्रिज बनाने के नाम पर फुसबंगला जामाडोबा मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है।बंद रास्ता अपराधियों के लिए वरदान साबित हुआ।घटनास्थल पर पहुंचकर सिंदरी डीएसपी ने कई दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला।