धनबाद।झारखंड के धनबाद जिले में सर्च ऑपरेशन के दौरान सीआरपीएफ और पुलिस ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम किया है।बंकर बनाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री को पुलिस ने बरामद कर लिया है।पुलिस को नुकसान पहुंचाने के के लिए इसे बंकर में छिपाकर रखा गया था,लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया है।





भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद





धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के गिरिडीह और धनबाद जिले के सीमावर्ती क्षेत्र की तलहट्टी स्थित गणेशपुर गांव के ताला टुंगरी पहाड़ के पास गुरुवार को सीआरपीएफ 154 बटालियन और तोपचांची पुलिस के जवानों ने सर्च अभियान चलाया।इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गयी।पुलिस ने जिलेटिन और तार बरामद किया है। इसे प्लास्टिक में बांध कर झाड़ियों में छिपा कर रखा गया था।





बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे नक्सली





नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इसलिए बंकर बनाकर विस्फोटक सामग्री को छुपा कर रखा था। विस्फोटक सामग्री के जब्त होने से नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फिर गया है।बरामद विस्फोटक सामग्री में जिलेटिन के 45 डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक तार और 5 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर जब्त किए गए हैं।अभियान में दलजीत सिंह भाटी, सहायक कमांडेंट संजीव कुमार , निरीक्षक वासुदेव कुमार, तोपचांची थाना प्रभारी जयराम प्रसाद, केसराम मीणा, गुरूमेल सिंह, एसआई अनिल विद्यार्थी आदि शामिल थे।





नक्सली संगठन की जानकारी ले रही पुलिस





पुलिस पूरे मामले की जानकारी कर रही है कि कौन से दस्ते ने यह विस्फोटक लाकर लगाने का काम किया है।अजय महतो, कृष्णा, मिथिलेश आदि के दस्ते की जानकारी पुलिस इकट्ठा कर रही है।आपको बता दें कि नक्सली संगठन भाकपा माओवादियों ने पर्चा साटकर अपनी उपस्थिति का एहसास कराया था।