लातेहार।झारखंड में नक्सली संगठन टीएसपीसी का सब जोनल कमांडर आदेश गंझू को लातेहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने गंझू निशानदेही पर ग्रेनेड,भारी मात्रा में गोलियां,30 बम,एक देसी बंदूक, 8 वाकी टॉकी समेत कई अन्य सामान बरामद किया हैं।बालुमाथ थाना क्षेत्र के सीरम जंगल की दामोदर नदी के किनारे टीएसपीसी का दुर्दांत उग्रवादी आदेश गंझू उर्फ मंगरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।





नक्सली संगठन के पास से ग्रेनेड बरामद





लातेहार पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल,आठ हजार कारतूस, 40 एमएम का 30 एचई ग्रेनेड, दो राउटर, तीन मोटरसाइकिल और आठ वॉकी-टॉकी समेत काफी संख्या में खोखा व अन्य सामग्री बरामद की गयी है।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी के पास से 40 एमएम का एचई ग्रेनेड राज्य में पहली बार किसी उग्रवादी संगठन के पास से बरामद किया गया है।ये ग्रेनेड काफी खतरनाक है।इससे पुलिस को काफी नुकसान पहुंचाया जा सकता था।ग्रेनेड टीएसपीसी उग्रवादियों के पास कहां से और कैसे पहुंचा इसकी जांच एसआईटी द्वारा करायी जा रही है।





छापेमारी अभियान में मिली सफलता





एसपी ने बताया कि जेएमएम के बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष दिलशेर खान की हत्या के बाद एसआईटी और एटीएस की टीम लगातार इस क्षेत्र में छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी क्रम में पुलिस को ये सफलता मिली है।उन्होंने बताया कि आदेश गंझू लातेहार के अलावा चतरा और रांची जिला में संगठन के कार्यों को अंजाम देता था।इन क्षेत्रों के कोयला व्यवसायियों और अन्य संवेदकों को लेवी के लिए धमकियां देता था।





एसपी ने बताया कि दिलशेर की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी प्रताप गंझू उर्फ महादेव गंझू के अलावा सनोज उरांव, आशेश्वर गंझू व विजय गंझू को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।छापेमारी दल में एसडीपीओ अजीत कुमार, पुअनि प्रशांत प्रसाद, मुकेश चौधरी, नीतिश कुमार व कुबेर साव समेत पुलिस के कई जवान शामिल थे।प्रेसवार्ता में सीआरपीएफ 11 वीं बटालियन के कमाडेंट वीपी त्रिपाठी और सीआरपीएफ 214 वीं बटालियन के कमाडेंट ऋषिराज सहाय समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।