पलामू।झारखंड समेत देश भर में आज शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ आस्था का महापर्व छठ की शुरुआत हुई।पलामू के प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में भी छठ महापर्व शुरू हो गया।कुछ व्रतियों ने कोयल नदी में जाकर पूजा की।ज्यादातर व्रतियों ने अपने घर के आंगन या छत पर पूजा की।बाजार में दोपहर तक भारी भीड़ रही।कई सामाजिक संस्थाओं ने छठ व्रतियों को पूजन सामग्री उपलब्ध कराई।





कोयल नदी के किनारे छठ व्रतियों ने की पूजा





नहाय-खाय के साथ छठ पूजा प्रारंभ करने के लिए व्रतियों ने सुबह ही कोयल नदी के तट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। नदी का जल और बालू पूजा के लिए घर ले गए।इस दौरान लोगों ने अपने-अपने घाट का भी स्थान चिह्नित कर लिया।





घरों में भी की आराधना





नहाय-खाय के साथ पूजा प्रारंभ करने वाले व्रतियों में से अधिकांश ने आज अपने घरों में ही रहकर भगवान भास्कर की आराधना की।सुबह में व्रतियों ने अपने घरों के आंगन और छतों पर पूजन किया। घरों में छठ महापर्व के लिए विशेष साफ-सफाई की गयी।





बाजार में लगीं छठ के सामानों की दुकानें





पूरा बाजार इलाका छठ पूजन सामग्री की दुकानों से पटा रहा। छह मुहान से इसका सिलसिला शुरू हुआ जो आढ़त रोड तक जारी रहा। शहर की लगभग सभी मुख्य सड़कों पर दुकान लगाकर छठ पूजा की सामग्री बेची जा रही है।मिट्टी के बर्तन और दीये की भी खूब बिक्री हो रही है।





फलों की भी सजी दुकान





बाजार में छठ में इस्तेमाल होने वाले फलों की भी कई दुकानें लगाई गई है।ठेला पर फल बेचने वाले पूरे शहर में घूम-घूम कर फल बेच रहे है।रेड़मा चौक, बैरिया चौक, वेलवाटिका चौक, सादिक मंजिल चौक पर भी फलों की कई दुकानें सजी हैं।





छठ घाटों की सफाई के लिए निगम ने फुहारा का इस्तेमाल किया





कोयल नदी के किनारे छठ घाटों की सफाई के लिए मेदिनीनगर नगर निगम ने पानी के टैंकर में लगे फुहारे का इस्तेमाल किया।पहली बार इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा भी सुबह से सफाईकर्मी अपने काम में जुटे हुए हैं।नदी किनारे विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है।





हो रही है घाटों की मरम्मत





छठ के मद्देनजर कोयल नदी के किनारे जिन स्थानों पर घाट टूट गये थे, उसकी मरम्मत की जा रही है।मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है।





कई संगठनों ने बांटी पूजन सामग्री





जायंट्स क्लब, वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट, पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल, दीपक तिवारी, एकता क्लब, राजू राम आदि ने पूजन सामग्री का वितरण किया।सभी जगह पूजन सामग्री लेने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।कहीं-कहीं तो भीड़ बेकाबू हो गयी, जिसे संभालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।