जमशेदपुर।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को जमशेदपुर के कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो के 35वें शहादत दिवस पर समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि दी।सीएम सोरेन ने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व की सरकारों के खिलाफ हमलावर होते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में पूर्व की सरकारों ने राज्य को खोखला बना दिया। यहां वैसे लोगों ने राज किया, जिन्हें यहां के मूलवासी,आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक से कोई लेना देना नहीं था।





होनहार किस्मत आजमायें, योग्य का मौका देंगे





सीएम सोरेन ने कहा कि राज्य में प्रतिभा और होनहारों की कमी नहीं है।राज्य में जल्द पुलिस,शिक्षक और जनजातीय भाषा में बहाली की जायेगी।उन्होंने बताया कि राज्य में जेपीएससी पहले 1000 दिनों में परीक्षा लेता था,हमारी सरकार ने 250 दिनों में परीक्षा आयोजित करायी। सरकार ने महज 50 से 100 रुपए आवेदन शुल्क रखकर होनहार को बीडीओ, सीओ, डीएसपी बनने की परीक्षा को सरल किया। उन्होंने कहा कि योग्य को पूरा मौका मिलेगा,बावजूद किसी योग्य को नौकरी नहीं मिलेगी,तो उसे रोजगार देने में आर्थिक सहयोग देने का काम सरकार करेगी।पहले जेपीएससी में दो लाख उम्मीदवार परीक्षा देते थे,लेकिन अब 4-5 लाख उम्मीदवार परीक्षा दे रहे हैं।





केंद्र सरकार ने सत्ता बदलने की योजना बनायी,लेकिन दाल नहीं गली





स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड में सत्ता बदलने की योजना बनायी थी, लेकिन उनकी दाल नहीं गली।झारखंड के लोग धैर्यवान हैं और यहां के लोग किसी से डरते भी नहीं है। उन्होंने कहा कि धरती बिरसा मुंडा की है, सिद्धू कान्हू की है, शिबू सोरेन की है।यूपीए सरकार जल, जंगल जमीन और यहां के लोगों की हिफाजत के लिए मुश्तैदी के साथ खड़ी है।





महिला एवं बाल विकास मंत्री जोबा मांझी ने कहा कि झारखंड में शहीदों का बलिदान बेकार नहीं जायेगा।यूपीए टीम के लोग केवल एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि राज्य में 20 वर्षों के बाद झारखंडी लोगों की सरकार बनी है।कोरोना महामारी के बीच ढाई साल गुजर गए हैं।जल्द ही राज्य की दिशा व दशा बेहतर होने वाली है।





आदिवासी-मूलवासी को 75 फीसदी आरक्षण





परिवहन सह आदिवासी कल्याण मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि झारखंड में हेमंत सरकार ने आदिवासी-मूलवासी को 75 फीसदी आरक्षण देने का का कानून बनाया।कोरोना और लॉकडाउन में हेमंत सरकार ने दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को हवाई जहाज से उनके घर सुरक्षित पहुंचाया।





ईचागढ़ की विधायक सह निर्मल महतो परिवार की बहू सबिता महतो ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने शहीद को सम्मान दिया है।उन्होंने बताया कि झारखंड को लेकर कई आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों को न्योछावर कर दिए।हेमंत सरकार ऐसे एक-एक परिवार के आश्रित को न केवल सहायता, बल्कि उन्हें नौकरी दी है।





कार्यक्रम का संचालन झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष सह घाटशिला विधायक रामदास सोरेन ने किया।इस मौके पर पोटका विधायक संजीव सरदार, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, पवन कुमार, आस्तिक महतो, फनींद्र महतो, अजय रजक,नरोतम दास, प्रमोद लाल, महावीर मुर्मू, काबलू महतो, वीर सिंह सुरीन, लालटू महतो,बबन राय, गोपाल महतो, दलगोविंद लोहरा, नानटू समेत अन्य मौजूद थे।