गोंडा।कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी के सांसद भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहे धरने को पहलवानों ने शुक्रवार रात को खत्म कर दिया है। आज शनिवार को बृजभूषण गोंडा के नंदिनी नगर में हो रही ओपन नेशनल सीनियर रैंकिंग रेसलिंग टूर्नामेंट में दिखाई दिए।ये टूर्नामेंट आज शनिवार से शुरू हुआ।बृजभूषण की टीम ने बताया कि वह टूर्नामेंट में अध्यक्ष नहीं बल्कि अतिथि के तौर पर आए हैं।बरहाल वह यौन शोषण के आरोपों के मामले में बोलने से बचते रहे। बता दें कि कि बृजभूषण ने इस पूरे विवाद के बीच साफ कर चुके हैं कि वह इस्तीफा नहीं देंगे।





22 जनवरी को करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस





यौन शोषण के लगे आरोपों का भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह अब 22 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब देंगे। बृजभूषण 20 जनवरी को गोंडा में इस पूरे मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे।प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय में तीन बार बदलाव हुआ और अंत में प्रेस कॉन्फ्रेंस को रद्द कर दिया गया।बृजभूषण के बेटे प्रतीक भूषण सिंह का बयान आया कि हम औपचारिक रूप से इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने के लिए अधिकृत नहीं हैं।वह अयोध्या में WFI की वार्षिक आम बैठक में 22 जनवरी को मीडिया को संबोधित करेंगे।हमने खेल मंत्रालय को अपना आधिकारिक बयान दे दिया है।





खत्म किया पहलवानों ने धरना





राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर पहलवानों का तीन दिनों से चल रहा धरना शुक्रवार रात को खत्म हो गया। शुक्रवार की देर रात खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहलवानों से वार्ता की। अनुराग ठाकुर ने बृजभूषण पर लगे आरोपों की जांच के लिए समिति गठित करने की बात कही है। इसके बाद पहलवानों ने धरना खत्म कर दिया।भारतीय पहलवान विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक समेत 30 पहलवान धरने पर बैठे हुए थे।इनका आरोप है कि अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने महिला पहलवानों का यौन शोषण किया है।कोच भी खिलाड़ियों को शोषण करते हैं,उन्हें मानसिक रूप से परेशान करते हैं। WFI अध्यक्ष सरेआम पहलवानों के साथ अभद्रता करते हैं,गाली-गलौज की जाती है।पहलवानों ने कुश्ती महासंघ को भंग करने की मांग उठाई है।





दीपेंद्र हुड्डा के इशारे पर की गई साजिश





अपने ऊपर लगे आरोपों पर बृजभूषण शरण सिंह ने सफाई दी थी। बृजभूषण सिंह ने कहा कि अगर आरोप सही साबित हुए तो मैं फांसी पर लटकने के लिए तैयार हूं।मेरे ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं वह दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस की तरफ से प्रायोजित हैं।धरना देने वाले चंद वही खिलाड़ी हैं, जिनका करियर खत्म हो चुका है।वह मेरे ऊपर आरोप लगा रहे हैं। मैं किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हूं।जब कुछ किया नहीं तो किसी बात का डर नहीं है।