नेहरू युवा केंद्र व सीआरपीएफ बल 190 वाहिनी के संयुक्त तत्वाधान में मेरी माटी मेरा देश के तहत अमृत कलश यात्रा का आयोजन
देशभर से जमा की गयी मिट्टी से तैयार होने वाली वाटिका एक भारत, श्रेष्ठ भारत के आदर्श को साकार करेगी: बृजकिशोर तिवारी
प्रतिनिधि,चतरा। नेहरू युवा केंद्र चतरा व सीआरपीएफ बल 190 वाहिनी चतरा द्वारा चतरा कालेज चतरा परिसर में बुधवार को मेरी माटी मेरा देश अंतर्गत अमृत कलश यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया।अमृत कलश यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि ज़िप उपाध्यक्ष बृजकिशोर उर्फ बिरजू तिवारी शामिल हुए।
चतरा कालेज चतरा प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि गांव-गांव से एकत्रित की गई मिट्टी को लाने के लिए अमृत कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ है। मेरी माटी मेरा देश अभियान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण के महान भारत की रचना का राजमार्ग है। प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी की मानसिकता को दूर करना, अपनी जड़ों-परंपराओं पर गर्व करना, एकता और अखंडता के लिए जीवन समर्पित करने का प्रण, नागरिकों में कर्तव्य की भावना को जागरूक करने के संकल्प लेने का आह्वान किया था। यह अभियान पंचप्रण की भावना को पूरा करने वाला है। पिछले 75 साल तक हमने कई सिद्धियां प्राप्त की हैं। हम चंद्रमा पर भी पहुंच गए और अब सूर्य की कक्षा में भी पहुंच जाएंगे, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। एक लंबी गुलामी के कालखंड और हजारों सेनानियों के बलिदान से स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद 75 साल का पुरुषार्थ और विगत 10 साल के अंदर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के जन-जन को महान भारत की रचना से जोड़ने का पुरुषार्थ तभी सफल होगा। जब महान भारत की रचना होगी।
इस मौके पर सीआरपीएफ कमांडेंट राम भरोसे, जिला युवा खेल पदाधिकारी ललिता कुमारी, गंधारिया मुखिया अनीता यादव, इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय प्रधानाचार्य आनंद कुमार, सीआरपीएफ उपनिदेशक अजय कुमार, सदर बीपीओ प्रबल प्रताप नारायण,धीरज कुमार समेत हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





