रांची। झारखंड के मुखिया हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा मंगलवार सुबह जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दफ्तर पहुंचे तो चेहरे पर मुस्कान थी।अपने चिरपरिचित अंदाज में पंकज मिश्रा आत्मविश्वास से भरे दिखे।ईडी ऑफिस में पंकज मिश्रा के जाने का अंदाज ऐसा था जैसे किसी भी तरह की परिस्थिति का सामना करने को तैयार होकर आए हैं, लेकिन पूछताछ शुरू होने के बाद पंकज मिश्रा के चेहरे की रंगत बदलने लगी और शाम होते-होते चेहरे की मुस्कान गायब हो चुकी थी और उसकी जगह चिंता ने ले ली थी।





शाम में जब ईडी के अधिकारी पंकज मिश्रा को गिरफ्तार कर सदर अस्पताल ले जा रहे थे,तब उनके चेहरे पर परेशानी नजर आ रही थी। दिनभर की पूछताछ के बाद उनके चेहरे पर थकान भी थी,चलने का अंदाज भी थका सा था। सुबह का आत्मविश्वास जैसे गायब हो चुका था और उसकी जगह निराशा ने ली थी।गिरफ्तारी के बाद जब पंकज मिश्रा को गाड़ी में बैठाया जा रहा था तो पत्रकारों ने उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह मीडिया से बात करने से बचते रहे। मंगलवार की सुबह जब पंकज मिश्रा ईडी कार्यालय पहुंचे थे, तो उन्होंने कहा था कि उन्होंने खुद ही ईडी को फोन कर आने की बात कही थी। पंकज मिश्रा ने कहा कि 15 दिनों के बाद उन्हें इलाज के लिए बाहर आना था, ऐसे में वह आ गए।





ईडी ने वायरल ऑडियो सुनाकर पंकज से पूछा,आवाज किसकी





वर्ष 2021 के जून में टेंडर प्रक्रिया में शामिल नहीं होने को लेकर पंकज मिश्रा ने पाकुड़ के ठेकेदार शंभुनंदन प्रसाद को फोन किया था। इस बातचीत में मंत्री आलमगीर आलम की भी आवाज थी। ईडी के अधिकारियों ने पंकज मिश्रा को ऑडियो सुनाकर पूछा कि यह आवाज किसकी है, साथ ही वह क्यों टेंडर को प्रभावित करना चाहते थे।





ईडी को देते आ रहे थे चुनौती





पंकज ईडी को लगातार चुनौती देते थे। 8 जुलाई को छापे के बाद वे बोले थे, सरकार कितनी भी केंद्रीय एजेंसी लगा दे, वह डरने वाले नहीं हैं।





पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वह सीएम हेमंत सोरेन को शुरू से आगाह कर रहे थे कि साहिबगंज में बालू-पत्थर की लूट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के संरक्षण और सहभागिता में चल रही है। पर सभी की मौन स्वीकृति रही।





प्रवर्तन निदेशालय मान रहा पंकज को संताल में अवैध खनन का मास्टरमाइंड





ईडी ने अबतक की जांच में माना है कि संताल में अवैध खनन से 100 करोड़ से अधिक की कमाई हुई है। पंकज को ईडी ने अवैध खनन का मास्टरमाइंड माना है। ईडी ने पंकज मिश्रा और उनके कारोबारी साझेदारों की 11.88 करोड़ बैंक में जमा राशि, छापेमारी के दौरान जब्त 5.34 करोड़ नकदी राशि भी जब्त की है। वहीं पांच क्रशर प्लांट को सील किया गया है।