पच्चास घंटे बाद भी लापता नाबालिक छात्रा का नहीं मिला सुराग
विरोध में दुकानदारों ने दस घंटे तक बंद रखी अपनी दुकानें,आक्रोश
पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित एसआईटी टीम लगातार कर रही है छापेमारी
मामले को लेकर बालूमाथ प्रखंड सद्भावना कमेटी के द्वारा की गई बैठक
घटना की निंदा करते हुए,पुलिस को सहयोग एवं आपस में समन्वय बनाकर रहने का लिया गया निर्णय
प्रतिनिधि,बालूमाथ(लातेहार)।थाना क्षेत्र से शनिवार से गायब हुई नाबालिक छात्रा का पच्चास घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के विरोध में सोमवार को प्रखंड मुख्यालय के स्थानीय दुकानदारों ने लड़की को सकुशल जल्द वापसी एवं दोषियों को चिन्हित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को लेकर पूरी तरह से अपनी-अपनी दुकाने दस घंटे तक बंद रखी। इधर एसपी के द्वारा गठित एसआईटी टीम गायब छात्रा की खोजबीन के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ज्ञात हो कि शनिवार को ट्यूशन जा रही छात्रा अपने घर के पास से ही अचानक गायब हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि घर से निकलने के थोड़ी देर बाद ही लड़की के चिल्लाने की आवाज घर वालों ने सुनी थी। परिवार के लोगों ने कहा कि घर के बाहर निकलने पर लड़की का किताब सड़क पर बिखरा हुआ था और लड़की गायब थी। मामले को लेकर परिजनों ने थाने में सात अक्टूबर को आवेदन देकर अपहरण होने की बात कही थी। परिजनों के द्वारा एक लड़का को अभियुक्त भी बनाया गया है,जिसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का उद्वेदन कर दिया जाएगा।
मामले को लेकर बालूमाथ प्रखंड सद्भावना कमेटी की हुई बैठक, लिए गए कई निर्णय
प्रखंड क्षेत्र के सभी समुदाय के लोगों से मिलकर कुछ दिन पूर्व बनी सद्भावना कमेटी द्वारा मामले को लेकर सोमवार को एक बैठक की गई,जिसमें घटना की निंदा करते हुए एक स्वर से निर्णय लिया गया कि गायब लड़की के खोजबीन में स्थानीय पुलिस को सहयोग करते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द लड़की को सकुशल वापसी करने का मांग एवं दोषियों को चिन्हित कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने,स्थानीय लोगों में आपसी समन्वय एवं भाईचारा बनाकर रहने का निर्णय लिया गया। साथ ही साथ दुकानदारों से अपील करते हुए अपनी अपनी दुकान खोलने को कही गई,जिसके बाद दुकानदारों ने दस घंटे बाद अपनी दुकान खोली।
इस मौके पर मुख्यालय पंचायत के मुखिया नरेश लोहरा, बजरंग दल के प्रखंड अध्यक्ष लालदेव गंझू,उपेंद्र रंगीला,समाजसेवी गोपाल सिंह,प्रखंड पूर्व उपप्रमुख संजीव कुमार सिन्हा,झामूमो प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर उरांव,शैलेश सिंह,प्रेम प्रसाद गुप्ता,सुनील पांडेय,दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रवि सिंह,ज्ञानी पांडेय, तपेश्वर साव,रंजीत गुप्ता, रामकुमार गुप्ता,काठो साव,प्रितलाल यादव, मौलाना जियाउल्लाह,तौकीर खान, सलीम खान,मनान कुरैशी,जहूर अंसारी,मोजम्मिल हुसैन,मो० जुबैर, लाडले खान,आमिर हयात,औरंगजेब खान सहित सभी समुदाय के लोंग मौजूद रहे।





