प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बीते रविवार की रात्रि लगभग 8:30 बजे परसुडीह थाना अंतर्गत नामोटोल हलुदबनी दुर्गा मंडप के पास से पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर घटना को अंजाम देने से पहले ही दो अपराधी को धर दबोचा। इस दौरान पुलिस ने उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किया,जिसके बाद पुलिस दोनों को लेकर थाने पहुंची।
गिरफ्तार अपराधियों में शातिर अपराधी बागबेड़ा लाल बिल्डिंग आनंद नगर साईं मंदिर के पास रहने वाला अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली और हलुदबनी कामयनी रोड निवासी भीम गागराई शामिल है। इनके पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक भी बरामद की है।मामले का खुलासा सोमवार पुलिस ऑफिस में एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। मौके पर ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुनायत और एएसपी सुमित अग्रवाल भी मौजूद रहे।
वार्ता के दौरान एसएसपी ने बताया कि रविवार की संध्या हलुदबनी के आस-पास हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में दोनों अपराधियों के बाइक पर घूमने की सूचना पुलिस को मिली। इसकी सूचना थाना प्रभारी द्वारा उन्हें भी दी गई,जिसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया। वहीं गठित पुलिस टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए उक्त स्थल पर छापेमारी कर दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शातिर अपराधी अनूप चक्रवर्ती ने बताया कि वह अपने साथी भीम गागराई के साथ मिलकर डोमेनिक सैमसंग नामक अपराधी की हत्या करने वाला था। बताया जा रहा है कि अनूप चक्रवर्ती और एंग्लो इंडियन डोमेनिक सैमसंग दोनों ही शातिर अपराधी कार्तिक मुंडा के गिरोह के है।मगर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद अनूप चक्रवर्ती ने उसे खत्म करने की योजना बनाई। मगर वह कुछ कर पाता इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वह कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया है। उसपर चांडिल रेल थाना, बागबेड़ा, जुगसलाई, बिस्टुपुर, साकची, बर्मामाइंस, आरपीएफ पोस्ट अनारा थाना, चाकुलिया रेल थाना, गम्हरिया थाना, आरपीएफ पोस्ट टाटानगर रेल थाना और पश्चिम बंगाल पुरुलिया पारा थाना में दर्जनों अपराधिक मामले दर्ज है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा, एसआई रविंद्र कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार शर्मा, आशीष कुमार जायसवाल, हवलदार राजकुमार सिंह और संजय राम शामिल थे।





