पलामू।झारखंड के पलामू जिले में सोशल मीडिया पर दो दिन पहले युवक का पिस्टल लहराते वीडियो वायरल हुआ था।इसके बाद पुलिस ने लल्लन यादव सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने ललन यादव की निशानदेही पर अरविंद सिंह को अवैध हथियार के साथ पकड़ा।अरविंद सिंह ने विकास सिंह से पुलिस के समक्ष तीन हथियार खरीदने की बात स्वीकारी।इसमें से एक हथियार जब्त किया गया है। अरविंद ने एक हथियार अभिषेक चौधरी और एक हथियार कमलेश सिंह को बेचने की बात स्वीकारी है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये जानकारी एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने दी।
बीच जंगल में बनता था हथियार
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि बैजनाथ मिस्त्री हथियार बनाने का काम करता है।विजय सिंह हथियार सप्लाई का काम करता है।वह बैजनाथ मिस्त्री के घर में किराए पर रहता है।आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घने जंगल के बीच हथियार बनाने का काम किया जाता है।बैजनाथ मिस्त्री से विजय सिंह चार हजार में पिस्तौल खरीदता है और उसे छह हजार रुपए में बेचता है।
छापेमारी में सतबरवा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक कौशल किशोर दुबे, रविंद्र कुमार, बुद्धू उराव, हवलदार महादेव टूटी, रामेश्वर सिंह सरदार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
बैजनाथ का है जम्मू कश्मीर से कनेक्शन
एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि मुख्य सरगना बैजनाथ मिस्त्री पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सेमरी गांव का रहने वाला है। बैजनाथ 2019 से पहले जम्मू कश्मीर में हथियार बनाने की फैक्ट्री में काम करता था।एसपी ने बताया कि बैजनाथ वहां से आने के बाद कुछ दिन दूसरा काम करता था। इसके बाद बैजनाथ कुछ दिनों के लिए हैदराबाद काम करने चला गया था।हैदराबाद से लौटने के बाद हथियार बनाने का काम शुरू कर दिया।
छापेमारी में बरामद सामान
पुलिस ने छापेमारी में 315 की एक पिस्तौल, दो देसी पिस्तौल, दो देसी भरठुआ बंदूक, तीन अद्धनिर्मित पिस्तौल, हथियार बनाने का उपकरण, इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन व चार मोबाइल बरामद किया है।मुख्य सरगना बैजनाथ मिस्त्री के साथ सतबरवा का विकास कुमार, अरविंद कुमार, अभिषेक चौधरी, लल्लन यादव, विजय सिंह के साथ लेस्लीगंज के रहने वाले कमलेश सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।





