आईची-नागोया (जापान):

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पहलवान नितेश सिवाच ने कुश्ती की मैट पर वो कर दिखाया, जिसका इंतजार देश पिछले 64 सालों से कर रहा था। ग्रीको-रोमन कुश्ती के 97+ किलो भारवर्ग के खिताबी मुकाबले में नितेश को जापान के यूरी नकाजातो के खिलाफ कड़े संघर्ष में हार का सामना करना पड़ा और वे गोल्ड मेडल से चूक गए, लेकिन सिल्वर मेडल (रजत पदक) जीतकर उन्होंने भारतीय खेल इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया।

इसे भी पढ़ेंः NCRB की रिपोर्ट: एक दशक में बच्चियों से दुष्कर्म के मामले चार गुना बढ़े

1962 के बाद मेडल जीतने वाले पहले भारतीय

नितेश सिवाच साल 1962 के जकार्ता एशियन गेम्स के बाद ग्रीको-रोमन कुश्ती के इस हैवीवेट कैटेगरी के फाइनल में पहुंचने और मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं। 1962 के एशियाड में भारत के महान पहलवान गणपत अंदलकर ने 97+ किलो भारवर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उसके बाद से छह दशकों से ज्यादा समय तक कोई भी भारतीय पहलवान इस वर्ग में न तो फाइनल में पहुंच सका था और न ही पदक जीत पाया था।

फाइनल तक का एकतरफा और आक्रामक सफर:

  • क्वार्टर फाइनल: तुर्कमेनिस्तान के अमानबर्दी अगामम्मेदोव को 7-1 से मात दी।
  • सेमीफाइनल: मंगोलिया के गंखुयांग गनबातर को मैच के शुरुआती 3 मिनटों में ही 9-0 से करारी शिकस्त देकर इतिहास रचा।

इसे भी पढ़ेंः मणिपुर में नगा संगठनों की केंद्र को सख्त चेतावनी: 'सुरक्षा न मिली तो चीन से मदद मांगने को होंगे मजबूर'

दूध बांटने से लेकर एशियाई पोडियम तक का संघर्ष

हरियाणा के सोनीपत जिले के जगसी गांव के रहने वाले नितेश एक बेहद साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता आनंद सिवाच दूध का छोटा सा कारोबार चलाते हैं। शुरुआत में क्रिकेट खेलने वाले नितेश ने प्रताप स्पोर्ट्स स्कूल में कोच ओम प्रकाश दहिया के मार्गदर्शन में पहलवानी सीखी।

करियर की शुरुआत में घुटने की गंभीर चोट के कारण उन्हें कुश्ती से दूर होना पड़ा था। इस मुश्किल दौर में उन्होंने अपने परिवार का हाथ बंटाने के लिए घर-घर जाकर दूध डिलीवरी बॉय के रूप में काम किया। चोट से उबरने के बाद मैट पर उनकी वापसी और फिर एशियन गेम्स का सिल्वर जीतना उनके अद्वितीय हौसले की मिसाल है।

नितेश सिवाच का इंटरनेशनल करियर रिपोर्ट कार्ड:

  • 2019: कैडेट एशियन चैंपियनशिप — सिल्वर मेडल
  • 2022: अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप — ब्रॉन्ज मेडल
  • 2025: सीनियर एशियन चैंपियनशिप — ब्रॉन्ज मेडल
  • 2026: एशियन चैंपियनशिप — सिल्वर मेडल
  • 2026: एशियन गेम्स — ऐतिहासिक सिल्वर मेडल

#NiteshSiwach #AsianGames2026 #WrestlingIndia #GrecoRomanWrestling #SilverMedal #IndianSports #Sonipat #BreakingNews