पलामू।झारखंड के पलामू बाघ अभयारण्य में तेंदुए के हमले में दो वनकर्मी घायल हो गए और एक अन्य वनकर्मी उससे बचने के लिए भागते समय चोटिल हो गया।सोमवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी।घटना रविवार को तेंदुए के पीटीआर के बारेसांड में सांबर सॉफ्ट रिलीज सेंटर में घुसने के बाद हुई।
अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए ने एक हिरण पर भी हमला कर उसे मारकर अपना निवाला बना लिया।उन्होंने बताया कि इस हिरण को हाल में बचाए जाने के बाद सांबर सॉफ्ट रिलीज सेंटर में रखा गया था।तेंदुए को सोमवार सुबह तक केंद्र से बाहर नहीं निकाला जा सका और उसे बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
पीटीआर के उपनिदेशक (दक्षिण मंडल) मुकेश कुमार ने बताया कि फॉरेस्ट ट्रैकर के रूप में कार्यरत दो कर्मियों सूर्यनाथ यादव और अखिलेश यादव तेंदुए के हमले में घायल हो गए हैं। एक अन्य व्यक्ति तेंदुए से बचकर भागते समय घायल हो गया। फॉरेस्ट ट्रैकर को गश्त करने और बाघों की गतिविधियों की निगरानी के लिए दिहाड़ी मजदूरी पर रखा जाता है।घायल वनकर्मियों का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. जयप्रकाश साहू ने कहा कि तेंदुए ने अखिलेश यादव के हाथ और जांघ में काट लिया था। सूर्यनाथ यादव के हाथ पर तेंदुए ने काट लिया। उन्हें 10 टांके लगाने पड़े और उन्हें रेबीज रोधी टीके भी लगाए गए हैं





