रांची।झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विधानसभा की सदस्यता के अयोग्य ठहराया है।अब निर्वाचन आयोग इसे लेकर अधिसचूना जारी करेगा।इस बीच झामुमो, कांग्रेस और राजद के विधायकों की दौड़ मुख्यमंत्री आवास तक जारी रही।तीन बसों में सवार होकर विधायक खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के लतरातू पहुंचे और देर शाम रांची लौट आए। जानें शनिवार पूरे दिन मुख्यमंत्री आवास में क्या- क्या हुआ।





सुबह से थी सीएम आवास पर गहमा गहमी





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने के आवास पर सुबह से गहमागहमी थी। शुक्रवार को हुई दो दौर की बैठकों के बाद भी शनिवार सुबह के 11 बजे एक और बैठक बुलायी गयी थी।यह बैठक कई मायनों में अहम थी।बड़ी तेजी से राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आ रही थी।





पत्रकारों को सीएम आवास के गेट पर ही रोका गया





शनिवार सुबह के 11 बजे मुख्यमंत्री आवास के बाहर देशभर से आए मीडियाकर्मियों का जमावड़ा था।पत्रकार इस पूरे मामले को शुक्रवार को भी सीएम आवास के भीतर से कवर कर रहे थे,लेकिन शनिवार को किसी भी पत्रकार को सीएम आवास के अंदर प्रवेश की इजाजत नहीं थी।





इस बीच एक-एक कर विधायकों के आने का सिलसिला शुरू था।विधायकों से लगभग हर पत्रकार का वही सवाल कि आज की बैठक में क्या होगा, क्या सभी विधायकों को राज्य के बाहर ले जाया जायेगा,कई विधायकों को इस सवाल के जवाब में सीधा इनकार नहीं, विधायक यहीं रहेंगे।कई विधायक गोलमोल जवाब देकर निकलने में लगे थे।





विधायक नलिन सोरेन की गाड़ी में दिखा लाल रंग का बैग





विधायक नलिन सोरेन सीएम आवास पहुंचे।गाड़ी की पिछली सीट पर नजर पड़ी लाल रंग के बैग पर।पत्रकारों के बीच चर्चा तेज हो गयी कि विधायक पूरी तैयारी के साथ आए हैं और राज्य के बाहर जा सकते हैं।नलिन सोरेन से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा मेरा बैग हमेशा मेरे साथ रहता है। पता नहीं कब कहां ठहरना पड़ जायेगा।मैं अपने विधानसभा क्षेत्र में भी बैग लेकर घूमता हूं।पत्रकारों के सवालों को इस तरह टाल कर नलिन सोरेन सीएम आवास के अंदर चले गए।इसके बाद जितने भी विधायक आए उनकी गाड़ी की पिछली सीट और डिक्की पर पत्रकारों की नजर दौड़ने लगी।कई विधायकों की डिक्की में बैग नजर आए।सवाल भी अब उनके बैग पर केंद्रित हो ग‌ए थे।





कई विधायकों ने किया इशारा





एक के बाद एक कई विधायक सीएम आवास पहुंचते रहे। चर्चा भी तेज होती रही।इस बीच चर्चा हुई कि सीएम आवास के अंदर बस मौजूद है।विधायक बस में बैठकर यहां से निकलेंगे,लेकिन किसी के पास कोई पुख्ता खबर नहीं।पत्रकार इंतजार करते रहे और विधायकों के अंदर आने का सिलसिला जारी रहा।





हेमंत सोरेन के भाई और दुमका विधायक बसंत सोरेन भी थोड़ी देर बाद पहुंचे।गाड़ी का शीशा खोलकर पत्रकारों का अभिवादन करते हुए सीएम आवास के अंदर चले गए। थोड़ी देर बाद चर्चा तेज हुई कि दूसरे दरवाजे से विधायकों की बस निकल सकती है।पत्रकार दूसरे दरवाजे की तरफ भागे।अचानक इस दरवाजे पर हलचल तेज हो गयी।





तीन बसों में निकला विधायकों का काफिला





अंदर के दरवाजे से विधायक और उनकी सुरक्षा में तैनात जवान नजर आने लगे थे।थोड़ी देर तक एक एंबुलेंस नजर आती रही,लेकिन अचानक एक ब्लू रंग की बस नजर आई। इसके पीछे पीले रंग की बस। इससे साफ हो गया कि विधायक यहां से एक साथ बस में सवार होकर निकल रहे हैं। विधायकों ने यहां भी पत्रकारों का हाथ हिलाते हुए अभिवादन किया और तेजी से आगे बढ़ ग‌ए।





कहां जा रहे हैं विधायक





सीएम आवास से गाड़ियों का काफिला बस के साथ निकल गया, लेकिन अब भी स्थिति साफ नहीं थी कि विधायक कहां जा रहे हैं।अलग-अलग सूत्रों से अलग-अलग तरह की जानकारियां।छत्तीसगढ़, बंगाल,नेतरहाट और खूंटी।अचानक एक सूत्र ने जानकारी दी कि विधायक खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड में मौजूद लतरातू डैम जा रहे हैं।





इसके बाद दौर शुरू हुआ तस्वीरों का।पहली तस्वीर सामने आई, जिसमें मुख्यमंत्री अपने विधायकों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। फिर एक के बाद एक कई तस्वीरें, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने विधायकों के साथ बोटिंग करते नजर आए। शाम होते- होते विधायक रांची लौट आए।