लखनऊ।पापुलर फ्रंट आफ इंडिया पर बैन के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है।पीएफआई पर बैन के बाद पहले जुमे की नमाज और त्योहारों को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश समेत सभी राज्यों को अलर्ट किया गया है।मुख्य सचिव और डीजीपी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस सतर्क रहे।खुफिया एजेंसियों ने पीएफआई समर्थकों द्वारा बंद और बवाल की आशंका व्यक्त की है।इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया हैं। निर्देश में कहा गया है कि जुमे की नमाज, नवरात्र, रामलीला, दशहरा, बारावफात और दीवाली को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए।
सूत्रों के मुताबिक पीएफआई पर बैन से पहले पीएफआई के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जिन लोगों पर कार्रवाई की गई है,उन पर भी नजर रखी जा रही है।
आपको बता दें कि मंगलवार को यूपी एसटीएफ और एटीएस के संयुक्त आपरेशन में बड़ी संख्या में लोग हिरासत में लिए गए थे।इसमें से काफी को निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए छोड़ दिया गया था।ऐसे लोगों को चेतावनी भी दी गई है कि वह कुछ गड़बड़ करेंगे तो पुलिस कार्रवाई करेगी। संबंधित थाने की पुलिस को भी ऐसे लोगों पर निगरानी करने के लिए कहा गया है।





