रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के सुरक्षा अधिकारी विमल कुमार आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने हाजिर होंगे।आज उनसे ईडी पूछताछ करेगी।ईडी ने विमल कुमार को 18 अक्टूबर को नोटिस भेजकर तलब किया था।





प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के सुरक्षा अधिकारी से प्रेम प्रकाश उर्फ पीपी के हरमू स्थित घर से बरामद 2 एके-47 राइफल और 60 कारतूस की बरामदगी को लेकर जवाब-तलब करेगी।





आपको बताते चलें कि 24 अगस्त को मनी लाउंड्रिंग मामले में ईडी ने प्रेम प्रकाश के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान प्रेम प्रकाश के हरमू स्थित आवास से ईडी के अधिकारियों ने 2 एके-47 राइफल और 60 गोलियां बरामद की थीं।मामले में अरगोड़ा थाने की पुलिस ने आरंभिक जांच की थी। इस मामले में रांची पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया था कि ये हथियार रांची पुलिस के जवानों के हैं। जवान ड्यूटी खत्म करके घर जा रहे थे कि तभी अचानक बारिश होने लगी। ऐसे में उन्होंने हथियार प्रेम प्रकाश के घर पर काम करने वाले एक परिचित के पास रख दिया। रांची पुलिस ने तब दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।





सुरक्षा अधिकारी से क्या जानना चाहती है ईडी





इस मामले में ईडी अब सीएम आवास के सुरक्षा अधिकारी से ये जानना चाहती है कि हथियार प्रेम प्रकाश के घर की आलमारी तक कैसे पहुंचे। क्या दोनों जवानों की ड्यूटी सीएम आवास पर थी। पुलिस ने मामले में अब तक क्या कार्रवाई की है।





मनी लाउंड्रिंग केस में घिरा है प्रेम प्रकाश





आपको बता दें कि प्रेम प्रकाश फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में है।पीपी पर मनी लाउंड्रिंग का आरोप है।हाल ही में पीपी के एक कर्मचारी अनिल झा ने ईडी को बताया है कि प्रेम प्रकाश का सीधा संबंध प्रदेश के कई प्रभावशाली लोगों के पास था। वो वरीय अधिकारियों से पैसा इकट्ठा किया करता था। आज जब सीएम आवास से सुरक्षा अधिकारी से पूछताछ होगी तो और भी कई बातें स्पष्ट होंगी।