हजारीबाग।झारखंड के हजारीबाग जिले में सदर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरों ने अब ईंट की चोरी शुरू कर दी हैं।ईंट चोरी का ये पहला मामला है।सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि गिरोह बनाकर इस चोरी को अंजाम दिया जा रहा है।ऐसे ही एक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गुरुवार को मासीपीढ़ी के ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। ग्रामीणों ने रंगेहाथ चोरों को ट्रैक्टर और चोरी के ईंट के साथ पकड़ा है। पकड़े गए चोर रात में गांव घर में घूम घूमकर घर के बाहर रखे ईंट की चोरी करते थे।
हजारीबाग के चार इलाकों में चोरी की घटना
सदर प्रखंड में विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्य स्थल से ये लोग लंबे समय से ईंट की चोरी कर रहे थे। बताया जाता है कि सदर प्रखंड के चानो, बहेरी, मासीपीढ़ी, डेमोटाड़ में पिछले कई दिनों से ईंट की चोरी हो रही थी। लोग परेशान थे। कई दिनों से लोग चोरों को पकड़ने की तैयारी में जुटे थे। अंतत: उन्हें कामयाबी मिल गई। ईंट चोरी के आरोप में रंगेहाथ पकड़े गए आरोपितों में सदर प्रखंड के बहेरी निवासी पप्पू कुमार और भरत कुमार शामिल हैं।
चोरों के पास से बरामद ट्रैक्टर भी चोरी का
ग्रामीणों ने चोरों को पकड़ कर पुलिस को साैंप दिया है। जांच में पता चला है कि चोरों के पास से बरामद ट्रैक्टर भी चोरी का है।गिरफ्तार दोनों आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस ने उनसे यह जानने की कोशिश की कि अभी तक कहां कहां चोरी कर चुके हैं। इन ईंटों को कहां और किसके पास बेचते थे। पुलिस का कहना है कि जिले में ईंट चोरी का यह पहला मामला सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगा रही कि चोर गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हर दिन एक ट्रैक्टर ईंट की करते थे चोरी
ईंट की चोरी करने वाले चोर रात के अंधेरे में हर रात एक ट्रैक्टर ईंट की चोरी किया करते थे। चोरी एक स्थान से न कर बल्कि आधा दर्जन स्थानों से करते थे, ताकि लोग उन्हें पकड़ नहीं पाएं। इसे लोग भी नहीं समझ पा रहे थे।पुलिस पूछताछ में पता चला कि चोर दिन में विभिन्न स्थानों पर घूम कर ईंट की रेकी किया करते थे। फिर रात में उस स्थान से ईंट की चोरी करते थे, जहां लोग रात में नहीं रहते थे।





