रांची।झारखंड की निलंबित सचिव आईएएस पूजा सिंघल अपनी काली कमाई के लिए कुक अमित कुमार के नाम का इस्तेमाल करती थीं।पूजा अपने आईफोन पर फेसटाइम में अमित के मोबाइल नंबर 8797099351 का इस्तेमाल करती थीं।फेसटाइम को काफी सिक्योर माना जाता है। इसके कॉल और वीडियो कॉल को ट्रेस नहीं किया जा सकता।ऐसे में प्राइवेसी के लिए फेसटाइम का इस्तेमाल किया जाता था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हालिया कोर्ट में दिए आरोप पत्र में इसका जिक्र किया है।
सरकार को अवैध खनन से 155 करोड़ का नुकसान
ईडी की जांच में ये बात सामने आयी है कि साल 2020 से साहिबगंज और उससे सटे इलाके में अवैध खनन और परिवहन की वजह से 155 करोड़ से अधिक के राजस्व का नुकसान हुआ। ईडी की जांच में यह तथ्य आए हैं कि स्टोन चिप्स के 3531 रेक बगैर चालान ही अलग-अलग जगहों से भेजे गए। ईडी को अंदेशा है कि राजस्व का नुकसान 155 करोड़ से अधिक का भी हो सकता है।
ईडी ने अपने हालिया आरोप पत्र में 1000 करोड़ से अधिक का अवैध खनन होने का दावा किया है। ईडी के आरोप पत्र में जिक्र है कि तकरीबन 6295773 क्यूबिक मीटर स्टोन चिप्स रेक के जरिए बगैर चालान बाहर भेजा गया। इस संबंध में मालदा रेल डिविजन से भी जानकारी ईडी ने ली है।
सीए सुमन ने कई दफा कैश अस्पताल में जमा कराए
पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के अस्पताल का इस्तेमाल भी काली कमाई को सफेद बनाने में किया जाता था। सीए सुमन कुमार ने पूछताछ में बताया था कि उसके घर पर जो 17 करोड़ से अधिक नकदी बरामद की गई थी, उसमें से अधिकांश हिस्सा पूजा सिंघल का था। पूजा सिंघल के फेसटाइम नंबर की जानकारी सुमन कुमार ने भी दी है। सुमन कुमार ने 10 लाख रुपए पूजा सिंघल के भाई सिद्धार्थ सिंघल को भी दिए थे। वहीं जांच में यह बात बतायी गई है कि पल्स अस्पताल में छह से सात बार सुमन कुमार ने 10- 10 लाख जमा कराए थे ताकि फर्जी बिल व रिसिट बनाए जा सके।





