प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में डुमरी के केबी ग्राउंड में 19 जुलाई बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था,जिसे लेकर प्रचार प्रसार हेतु क्षेत्र में जगह जगह पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें से डुमरी बेरमो मार्ग पर असामाजिक तत्वों ने सीएम के आगमन से पहले पोस्टर फाड़ दिया था,जिसके बाद इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए 5 युवकों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।
डुमरी एसडीपीओ मनोज कुमार ने इस मामले की इसकी पुष्टि की।वहीं गिरफ्तार आरोपियों में डुमरी थाना क्षेत्र के करिहारी निवासी गजेंद्र कुमार महतो, पंकज भाई पटेल, दिलीप कुमार महतो और बोकारो जिले का सेक्टर 9 निवासी राजेश कुमार और विजय कुमार शामिल थे।
इस सम्बन्ध में पुलिस द्वारा बताया गया कि गिरफ्तार पांचों युवकों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इन सभी के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने से जुड़ी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।आरोपियों का किस राजनीतिक दल से संबंध रहा है, इसकी जांच की जा रही है।
ज्ञात हो कि डुमरी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पूरे क्षेत्र को सजाया गया था।सड़क के किनारे जगह-जगह सीएम की तस्वीर के साथ पोस्टर लगाए गए थे।कार्यक्रम से लगभग 12 घंटा पहले डुमरी बेरमो पथ पर लगे कई पोस्टर को फाड़ दिया गया था। साथ उसी दिन क्षेत्र के कसमाकुरहा ग्राम में झारखंडी भाषा संघर्ष समिति के नेता जयराम महतो का भी कार्यक्रम था।उधर पोस्टर फाड़े जाने की सूचना मिलते ही गिरिडीह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर एसडीओ प्रेमलता मुर्मू,एसडीपीओ मनोज कुमार, इंस्पेक्टर परमेश्वर लियांगी, डुमरी थाना प्रभारी पवन कुमार ने मामले की जांच शुरू की।वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।उक्त सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में गुरुवार को जेल भेज दिया गया।पूछे जाने पर थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।





