प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के खिलाफ चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई





अमेरिकन मेड रायफल के साथ कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय पांच नक्सली गिरफ्तार





टंडवा स्थित रेलवे कन्स्ट्रक्शन साइट अगलगी घटना का मास्टर माइंड प्रभात उर्फ विरासत उर्फ प्रेम कुमार गंझू भी चढ़ा पुलिस के हत्थे





प्रतिनिधि,चतरा। कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। चतरा के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने विशेष छापामारी अभियान में दो सबजोनल कमांडर समेत पांच नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने नक्सलियों के पास से अमेरिकन मेड रायफल के साथ हथियारों का जखीरा भी बरामद किया है। अभियान का नेतृव सिमरिया एसडीपीओ अशोक रविदास कर रहे थे।





शनिवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सिदालु सतपहरी पहाड़ के जंगल में प्रतिबंधित टीएसपीसी नक्सली संगठन के 8-10 की संख्या में हथियार बंद नक्सली किसी बड़ी उग्रवादी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से इकट्ठा हुए है। सूचना के आलोक में सिमरिया के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अशोक रविदास के नेतृत्व में अभियान दल का गठन किया गया। अभियान दल के द्वारा सिदालु सतपहरी पहाड़ के जंगल में छापामारी अभियान संचालित किया गया। छापामारी के दौरान कड़ी मेहनत के फलस्वरूप टीएसपीसी नक्सली संगठन के 5 नक्सलियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।





पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीएसपीसी के सबजोनल कमांडर प्रभात उर्फ विरासत उर्फ प्रेम कुमार गंझू, सबजोनल कमांडर विशु उर्फ अशोक गंझू, सक्रिय सदस्य अरुण प्रजापति, नरेश कुमार भोक्ता व जितेंद्र कुमार रजक को गिरफ्तार किया गया है। नक्सलियों के पास से 1 एके-56 राइफल, 1 सेमी ऑटोमेटिक एसएलआर राइफल, 1 यूएस मेड एम 1 राइफल, .315 बोर का 1 रायफल, दो देशी कट्टा, 5 मैगजीन, विभिन्न कैलिबर का 275 राउंड जिंदा गोली, लेवी मांगने में प्रयुक्त विभिन्न कंपनियों का 10 मोबाइल फोन, उग्रवादी संगठन का 88 नक्सली पर्चा और एक पिट्ठू बैग जप्त किया गया है। गिरफ्तार नक्सलियों पर कोयलांचल क्षेत्र के टंडवा एवं पिपरवार में फायरिंग, आगजनी की घटना को अंजाम देकर कोल व्यवसायियों एवं रेलवे संवेदकों को डरा धमकाकर लेवी वसूली समेत कई मामले दर्ज हैं।





पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 30 मई 23 को टंडवा स्थित रेलवे कन्स्ट्रक्शन साइट में लगे पोकलेन मशीन को जलाने वाले टीएसपीसी उग्रवादी संगठन का मास्टर माइंड प्रभात उर्फ विरासत उर्फ प्रेम कुमार गंझू था। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की गिरफ्तारी के साथ ही 23 सितम्बर 2023 को पिपरवार थाना के पूर्णाडीह कोल परियोजना के जामडीह में उग्रवादी संगठन के द्वारा कारित आगजनी की घटना का भी 20 दिनों के अन्दर उद्भेदन हो गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ चतरा जिला व लातेहार जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्जनों मामले दर्ज हैं।





छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक अशोक रविदास,टंडवा थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह,पिपरवार के पुअनि सह थाना प्रभारी गोविन्द कुमार,सिमरिया थाना के पुअनि सह थाना प्रभारी विवेक कुमार,पिपरवार थाना के पुअनि रूपेश कुमार महतो, पुअनि दिलीप कुमार बास्की,टंडवा थाना के पुअनि अभिनव आनन्द एवं पुअनि रोहित कुमार यादव शामिल थे।