पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,श्री बंशीधर नगर,गढ़वा।नगर ऊंटारी अंचल में पोस्टेड आरएसआई सह प्रभारी सीआई राजकुमार साव की काली करतूतों से अंचल की जमकर किरकिरी हो रही है। 2015 में घूस लेने के आरोप में एसीबी के शिकार बन चुके आरएसआई सह प्रभारी सीआई राजकुमार साव पर सीनियर अफसरों का नियंत्रण नहीं रहने के कारण उन्होंने अंचल में लूट मचाकर रखी है।आदिवासी खाते की भूमि का अनाधिकृत तरीके से हस्तांतरण के प्रयास के दौरान अंचल से दो-दो बार और डीसीएलआर की कोर्ट से एक बार रिजेक्ट म्यूटेशन को तीसरी बार अंचल से ही सलेक्ट किया जाना लूट और अंधेरगर्दी का सबसे बड़ा प्रमाण है।





9 वर्ष पूर्व एसीबी के हत्थे भी चढ़े हैं प्रभारी सीआई राजकुमार साव





यहां उल्लेखनीय है कि म्यूटेशन आरएसआई सह प्रभारी सीआई राजकुमार साव की रिपोर्ट पर हुआ है।सूत्र बताते हैं कि उक्त म्यूटेशन में मोटी राशि का लेनदेन हुआ है,जो निष्पक्ष जांच का विषय है।बताया जाता है कि पैसे का लेनदेन राजकुमार साव की पुरानी फितरत है।लेनदेन के मामले में वे जेल की भी हवा खा चुके हैं। 2015 में अक्टूबर महीने में रमना अंचल में पोस्टिंग के दौरान एसीबी की टीम ने उन्हें घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद दो माह तक वे जेल में रहे थे।जानकारी के मुताबिक जिला से गत 21 जुलाई 2024 को आरएसआई राजकुमार साव की नगर ऊंटारी अंचल में पोस्टिंग की गई है। नगर ऊंटारी अंचल में पोस्टिंग होने के बाद राजकुमार साव को सीओ द्वारा उन्हें प्रभारी सीआई का भी चार्ज दिया गया था। आरएसआई राजकुमार साव को प्रभारी सीआई का चार्ज मिलने के बाद उन्होंने खुलकर वसूली शुरू कर दी।





मामला गंभीर,गहनता से जांच हुई तो कई गंभीर मामले होंगे उजागर





सूत्रों के मुताबिक प्रभारी सीआई ने जमीन का म्यूटेशन, अपडेशन के लिये खुलेआम रेट निर्धारित कर दिया है।सूत्रों की मानें तो जमीन के म्यूटेशन के लिये 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। साथ ही कागजात में कमी होने पर उसके लिये 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपये निर्धारित है। जबकि सामान्य अपडेशन के लिये 5 हजार रुपये और कागजात में कमी होने पर 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। सीआई का रेट खुलने के बाद भूमाफिया और मोटे माल वाले लोग अंचल में सक्रिय हो गये और निर्धारित रेट से भी अधिक बोली लगाकर जमीन का म्यूटेशन एवं अपडेशन धड़ल्ले से कराने लगे। जबकि जायज काम होने के बावजूद निर्धारित रेट फुलफिल नहीं करने वाले भूस्वामी अंचल कार्यालय का लगातार चक्कर काट रहे हैं।





पैसे के लालच में प्रभारी सीआई ने गत 13 अगस्त को नगर ऊंटारी ब्लॉक में पदस्थापित बीडब्लूओ सोशलिस्ट राम की पत्नी नीलम देवी के नाम से जंगीपुर में स्थित 3 डिसमिल जमीन का म्यूटेशन करा दिया। जबकि उक्त भूमि आदिवासी खाते की होने के कारण म्यूटेशन पिटीशन को दो बार सीओ और डीसीएलआर कोर्ट से रिजेक्ट कर दिया गया था।सूत्रों के मुताबिक प्रभारी सीआई की करतूत की गहनता से जांच की गई तो और कई गंभीर मामले उजागर होंगे।ऐसा हुआ तो वे फिर जेल की सलाखों के पीछे नजर आयेंगे।